Site icon Hindi Dynamite News

कृषि मंत्री की कार पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फेंके अंडे..

ओडिशा के भुवनेश्वर में कृषि मंत्री राधामोहन सिंह के काफिले पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंडे फेंके हैं। मध्य प्रदेश में किसान आंदोलन के दौरान की गई फायरिंग में 6 किसानों के मौत से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध जताया है।
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
कृषि मंत्री की कार पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फेंके अंडे..

भुवनेश्वर: ओडिशा के भुवनेश्वर में कृषि मंत्री राधामोहन सिंह के काफिले पर आज अंडे फेंके गये। खबरों के मुताबिक अंडे फेंकने वाले यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। यह घटना तब हुई जब केंद्रीय मंत्री स्थानीय सरकारी अतिथि गृह से निकले और यहां के जतनी इलाके में ‘सबका साथ सबका विकास' से जुडे एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए जा रहे थे। मध्य प्रदेश के मंदसौर में किसान आंदोलन के दौरान की गई फायरिंग में 6 किसानों के मौत से नाराज होकर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता कृषि मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।

पुलिस ने इस संबंध में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष लोकनाथ महारथी सहित उसके पांच कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। महारथी ने हिरासत में लिए जाने से पहले कहा कि भाजपा शासित मध्य प्रदेश में किसानों की हत्या के बाद राधामोहन सिंह को कृषि मंत्रालय का प्रभारी बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

कृषि मंत्री राधामोहन सिंह (फाइल फोटो)

शुक्रवार को ही बिहार के मोतीहारी में राधामोहन सिंह योग गुरु बाबा रामदेव के साथ मंच पर योग करते देखे गए थे। जब देश के कई राज्यों में किसान आंदोलन कर रहे हों, ऐसे में कृषि मंत्री का यूं योग को प्रोत्साहित करना सवाल पैदा करता है। किसान आंदोलन पर कृषि मंत्री कुछ भी बोलने से बचते नजर आ रहे हैं।

Exit mobile version