Odisha: कांस्टेबल भर्ती के लिए 1600 मीटर की दौड़ लगा रहे युवक को आया चक्कर, हार गया जिंदगी की रेस, सपना रह गया अधूरा

डीएन ब्यूरो

गंजाम जिले में आयोजित ओडिशा पुलिस कांस्टेबल भर्ती अभियान के लिए शारीरिक परीक्षा में शामिल होने के दौरान 20 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

1600 मीटर की दौड़ लगा रहे युवक की मौत
1600 मीटर की दौड़ लगा रहे युवक की मौत


ब्रह्मपुर: गंजाम जिले में आयोजित ओडिशा पुलिस कांस्टेबल भर्ती अभियान के लिए शारीरिक परीक्षा में शामिल होने के दौरान 20 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान गंजाम जिले के श्यामसुंदरपुर इलाके के रहने वाले दीप्ति रंजन दास के रूप में हुई है। शुक्रवार को उनका निधन हो गया। कांस्टेबल भर्ती के लिए छत्रपुर के पुलिस रिजर्व मैदान में शारीरिक परीक्षा में दास 1600 मीटर की दौड़ के दौरान बेहोश हो गया।

गंजाम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जगमोहन मीणा ने कहा कि दास को तुरंत छत्रपुर के अनुमंडलीय अस्पताल और बाद में एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसपी ने कहा कि 1600 मीटर की दौड़ शुरू करने से पहले दास के स्वास्थ्य की जांच डॉक्टर ने की थी। उन्होंने कहा कि दास शारीरिक परीक्षा में शामिल होने के लिए बिल्कुल फिट थे। पुलिस ने कहा कि दास की मौत का सही कारण शनिवार को होने वाले पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने दास के माता-पिता को घटना के बारे में सूचित किया है।

पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए तीन दिवसीय शारीरिक परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरू हुयी। लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण उम्मीदवार भर्ती अभियान में शारीरिक परीक्षा के लिए उपस्थित हो रहे हैं।










संबंधित समाचार