हिंदी
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या में देव दिवाली के दिन तीन लाख दीपों से सरयू तट पर आरती करेंगे। मण्डलायुक्त मनोज मिश्र एवं जिलाधिकारी डा. अनिल कुमार पाठक ने मंगलवार को बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी में दीपावली तीन दिन तक मनायी जायेगी जिसमें देव दीपावली के दिन तीन लाख दीपों से सरयू तट जगमगायेगा। उन्होंने बताया कि छह नवम्बर को मुख्यमंत्री सरयू तट पर आरती करेंगे। चार नवम्बर को रामायण के अलग-अलग प्रसंगों पर कार्यक्रम और पांच नवम्बर को बॉलीवुड की प्रख्यात सिनेमा गायिका अनुराधा पौडवाल का भजन कार्यक्रम और छह नवम्बर को दीपोत्सव पर्व का आखिरी दिन रहेगा।

मिश्र ने बताया कि इस कार्यक्रम में देश के साथ-साथ विदेशों से भी विशिष्टजन उपस्थित रहेंगे। पिछली दिवाली में एक लाख अस्सी हजार दिये जलाये गये थे लेकिन इस बार तीन लाख दिये जलाने का लक्ष्य है जिसको सफल बनाने के लिये डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने अपनी टीम के साथ-साथ लग गये हैं। देव दिवाली में दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला भी सम्मिलित होंगी।
उन्होंने बताया कि भगवान राम और लक्ष्मण व सीता के स्वरूप का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वागत करेंगे और हेलीकाप्टर से अयोध्या नगरी में पुष्प वर्षा भी होगी। तीन दिन तक चलने वाला देव दीपावली की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। छह नवम्बर को दीपोत्सव का मुख्य आयोजन होगा जिसमें अपरान्ह एक बजे से चार बजे तक प्रभु श्रीराम के विभिन्न लीलाओं की पन्द्रह झांकियां कामता प्रसाद सुन्दरलाल साकेत महाविद्यालय से निकलकर मुख्य कार्यक्रम स्थल रामघाट पार्क पहुंचेगी जिसमें ग्यारह झांकियों में स्थानीय कलाकार तथा चार झांकियों में विदेश से आये कलाकार झांकियों की शोभा बढ़ायेंगे। इसमें कोरिया, रूस, लाओस, इण्डोनेशिया, त्रिनिडाड एवं टोबैगो आदि देश के कलाकार भी शामिल होंगे।

पाठक ने बताया कि अपरान्ह दो बजे क्वीन हो मेमोरियल के निकट कोरिया सांस्कृतिक दल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जायेगी। अपरान्ह तीन बजे रामकथा संग्रहालय में राम बाजार का उद्घाटन होगा जिसमें अयोध्या शोध संस्थान में हस्त शिल्प प्रदर्शनी, रामायण, रामकथा से सम्बन्धित पुस्तक प्रदर्शनी एवं बिक्री व राम वन गमन की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है।
सायं चार बजे रामकथा पार्क से भगवान श्रीराम सीता का हेलीकाप्टर से अवतरण एवं मुख्यमंत्री द्वारा श्रीराम सीता जी की अगवानी तथा शोभायात्रा व झांकी का अवलोकन तथा प्रतीकात्मक राज्याभिषेक के साथ मुख्यमंत्री का सम्बोधन नये घाट तथा राम की पैड़ी पर विविध कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों को सम्मानित भी किया जायेगा। (वार्ता)
Published : 30 October 2018, 6:46 PM IST
Topics : Diwali News Diwali Special इतिहास उत्तर प्रदेश दीपावली देश विदेश मुख्यमंत्री मेहमान योगी आदित्यनाथ
No related posts found.