
नई दिल्ली: बिहार के मौसम में अचानक बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 7 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई है। इसके चलते यलो अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार से रविवार तक प्रदेश में तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आने के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
वहीं, यूपी में भी हर दिन मौसम अपना नया रंग बदल रहा है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार वाराणसी और आस पास के जिले में 20 से 22 मार्च तक गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं आज भी तेज हवा चलने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ओडिशा के मध्य भाग से दक्षिण विदर्भ तक और दक्षिण छत्तीसगढ़ से होते हुए एक द्रोणिका बनी हुई है। प्रदेश के 7 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
आज, यानी गुरुवार को भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका जिले के कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और हल्की वर्षा की संभावना है। पटना और उसके आसपास के क्षेत्रों में भी बादल छाए रहने के साथ गरज-तड़क के साथ हल्की वर्षा की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व जिलों में एक या दो स्थानों पर बारिश की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया है।
इससे पहले, बीते 24 घंटों में छपरा, अगवानपुर, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि देखी गई है। पटना का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि खगड़िया में यह 36.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
Published : 20 March 2025, 10:26 AM IST
Topics : Bihar Weather Dynamite News IMD report New Delhi UP Weather Weather News Weather Update Yellow Alert