हिंदी
तिरुवनंतपुरम: केरल के विझिंजम में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह के पहले चरण का काम पूरा होने का समय करीब आने पर बुधवार को इसके प्रतीक एवं पहचान चिह्न (लोगो) का अनावरण किया गया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में विझिंजम बंदरगाह के लोगो का अनावरण किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि बंदरगाह का लोगो पूरी दुनिया में इसके गौरव को फैलाने का काम करेगा।
उन्होंने इस बंदरगाह के विकास को केरल की महत्वाकांक्षी परियोजना बताते हुए कहा कि इससे अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार क्षेत्र में राज्य के लिए व्यापक संभावनाएं पैदा होंगी।
विजयन ने कहा कि इस बंदरगाह पर पहला जहाज चार अक्टूबर को लंगर डालेगा। पूरी तरह चालू होने पर यह दुनिया के सबसे बड़े बंदरगाहों में से एक होगा।
इस बंदरगाह के विकास से जुड़ी कंपनी अडाणी पोर्ट्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजेश झा ने कहा कि विझिंजम बंदरगाह के साथ केरल में नया इतिहास बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि केरल में इसके पहले बंदरगाह 96 साल पहले बना था।
इस बंदरगाह का निर्माण सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत किया जा रहा है। इस परियोजना में निजी भागीदार के तौर पर अडाणी समूह की कंपनी जुड़ी हुई है।
Published : 20 September 2023, 6:01 PM IST
No related posts found.