Vishnu Deo Sai: जानिये कौन हैं विष्णुदेव साय, जो चुने गये छत्तीसगढ़ के नये मुख्यमंत्री, पढ़ें उनका पूरा सियासी सफर

डीएन ब्यूरो

भारतीय जनता पार्टी की ओर से छत्तीसगढ़ के नये मुख्यमंत्री का चुनाव कर लिया गया है। विष्णुदेव देव साय छत्तीसगढ़ के नये सीएम होंगे। डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट

विष्णुदेव साय
विष्णुदेव साय


नई दिल्ली: विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आने के एक सप्ताह बाद रविवार को भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री चेहरे की तलाश पूरी गई है।  विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ का नया मुख्यमंत्री बनाया जायेगा। भाजपा विधायक दल की बैठक में विष्णुदेव को विधायक दल का नेता चुना गया है। हालांकि सीएम पद उनकी ताजपोशी की तिथि का ऐलान होना बाकी है। 

डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में जानिये देश के युवा राज्य छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री चुने गये विष्णुदेव साय और उनके सियासी सफर के बारे में। 

राजनीति का लंबा अनुभव

विष्णुदेव साय को राजनीति का लंबा अनुभव प्राप्त है। युवावस्था से ही वे राजनीति में सक्रिय रहे है। उन्होंने सरपंच से अपना सियासी सफर शुरू किया। गांव से शुरू हुआ उनका सियासी सफर दिल्ली में सांसदी तक पहुंचा और अब राज्य का मुख्यमंत्री उनके सियासी सफर का अगला पड़ावा होगा। 

सरपंच से सांसदी तक 
उन्होंने 1989 में अपने गांव बगिया से पंच पद से राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले की और फिर 1990 में वे निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुए थे। इसके बाद उन्होंने विधायक का चुनाव लड़ा और जीता। उनका सफर लगातार जारी रहा और रायगढ़ से लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद के तौर पर वे दिल्ली तक पहुंचे।

26 साल की उम्र में विधायक
वे महज 26 साल की उम्र में पहली बार विधायक चुने गये थे। 1990 से 1998 तक वे तपकरा सीट से विधायक चुनकर मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। इसके बाद 1999 में वे 13 वीं लोकसभा के लिए रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुए। 

मोदी की कैबिनेट में मंत्री
भाजपा ने उन्हें 2006 में पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद 2009 में 15 वीं लोकसभा के लिए हुए चुनाव में वे रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से फिर से सांसद बने। इसके बाद 2014 में 16 वीं लोकसभा के लिए वे फिर से रायगढ़ से सांसद बने। इस बार केंद्र में मोदी की सरकार ने उन्हें केंद्रीय राज्यमंत्री, इस्पात खान, श्रम, रोजगार मंत्रालय बनाया। वे 27 मई 2014 से 2019 तक इस पद पर रहे। 

भाजपा में महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती
भाजपा में वे कई बार कई बड़ी जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं। पार्टी ने 2 दिसंबर 2022 को उन्हें राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया। 8 जुलाई 2023 को भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बनाया। विष्णुदेव साय 2020 में भी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। 

मजबूत प्रोफाइल और अनुभवी राजनीतिज्ञ
विधायक, सांसद और केंद्रीय मंत्री रहे विष्णुदेव की संघ के नेताओं के करीबी माने जाते हैं। मजबूत प्रोफाइल और अनुभवी राजनीतिज्ञ होने के कारण  पार्टी ने उन्हें राज्य में अब सबसे बड़ा पद दिया है।

हाल ही में संपन्न चुनाव में वे छत्तीसगढ की कुनकुरी विधानसभा सीट से विधायक चुने गये हैं। वे आदिवासी समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं।










संबंधित समाचार