
मेरठः बुलंदशहर के चिंगरावठी में गोकशी को लेकर भड़की हिंसा में मारे गए सुमित को लेकर उसके पिता ने बड़ा खुलासा किया है। सुमित के पिता का कहना है कि उनके बेटे को वहां मौजूद इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह ने गोली मारी थी जिससे उनकी मौत हो गई। आज सुबह साढ़े 10 बजे सुमित का पोस्टमार्टम किया गया। सुमित के परिजन सोमवार से ही मेरठ मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में डटे हुए थे।
वहीं मंगलवार को जब सुमित के पिता व उसके अन्य रिश्तेदार यहां पहुंचे तो उन्होंने बेटे की मौत को लेकर बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि उसकी मौत के जिम्मेवार इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह थे, सुमित के पिता ने कहा कि इंस्पेक्टर की गोली से ही सुमित की मौत हुई है। बता दें कि इस हिंसा में भीड़ की पत्थरबाजी और फायरिंग के बीच इंस्पेक्टर सुबोध कुमार को भी गोली लगी थी जिससे उन्होंने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया था।
यह भी पढ़ेंः बुलंदशहर हिंसा को लेकर सवालों के घेरे में मेरठ जोन के एडीजी और आईजी
अब सुमित के परिजनों की मांग है कि जितना मुआवजा इंस्पेक्टर के परिवार को दिया जा रहा है उतना ही मुआवजा उन्हें भी दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की भी उन्होंने योगी सरकार से मांग की है। बता दें कि अभी सुमित की मौत कैसे हुई इसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। एसपी सिटी रणविजय सिंह के मुताबिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही कुछ कहा जायेगा।
Published : 4 December 2018, 5:03 PM IST
Topics : bulandshahr violence इंस्पेक्टर उत्तर प्रदेश गोकशी गोली बुलंदशहर मेरठ सुबोध कुमार सिंह सुमित हिंसा