Uttar Pradesh: भदोही में सैर पर निकली महिलाओं पर विक्षिप्त युवक ने किया हमला, बुजुर्ग महिला की मौत, पांच जख्मी

भदोही में बुधवार की सुबह सैर पर निकली चार महिलाओं समेत छह लोगों पर एक कथित विक्षिप्त युवक ने ईंट-पत्थर और लाठी से हमला किया। इस घटना में एक बुजुर्ग महिला की मृत्यु हो गयी और बाकी पांच अन्य लोग जख्मी हो गये। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 1 November 2023, 3:19 PM IST
google-preferred

भदोही: भदोही में बुधवार की सुबह सैर पर निकली चार महिलाओं समेत छह लोगों पर एक कथित विक्षिप्त युवक ने ईंट-पत्थर और लाठी से हमला किया। इस घटना में एक बुजुर्ग महिला की मृत्यु हो गयी और बाकी पांच अन्य लोग जख्मी हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।

आरोपी बाद में उससे बचकर भाग रहे एक व्यक्ति का पीछा करते हुए थाने में घुस गया और वहां भी वाहनों में तोड़फोड़ व हंगामा किया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार औराई क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) उमेश्वर प्रभात सिंह ने बताया कि उपरौठ गांव की रहने वाली चार महिलाएं सुबह टहलने निकली थीं। तभी बिहार के सीतामढ़ी निवासी राजा कुमार (25) नामक विक्षिप्त व्यक्ति ने उन पर अचानक ईंट-पत्थर और डंडे से हमला कर दिया। उसने आसपास मौजूद अन्य लोगों को भी दौड़ा-दौड़ाकर उन पर हमला किया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गयी।

उन्होंने बताया कि अचानक हुए इस हमले में कलावती देवी (62) सिर पर ईंट लगने के कारण गिर पड़ीं, जिसके बाद युवक ने उन पर लाठी से ताबड़तोड़ वार किये। इस घटना में कलावती की मौके पर ही मौत हो गयी। इस दौरान उनके साथ की तीन अन्य महिलाएं भी मामूली रूप से घायल हो गयीं। उन्होंने गली में छुपकर किसी तरह जान बचायी।

सिंह ने बताया कि विक्षिप्त ने पास से ही गुजर रहे परमानंद मौर्य और गौतम नामक व्यक्तियों पर भी हमला कर उन्हें गम्भीर रूप से घायल कर दिया। गौतम जान बचाकर औराई थाने में घुस गया, तो राजा कुमार भी उसके पीछे-पीछे थाने पहुंच गया और वहां करीब 10 मिनट तक हंगामा किया। इस दौरान उसने थाने में खड़ी कई मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की और कई गाड़ियों के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिये।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने राजा कुमार को बड़ी मुश्किल से काबू में किया। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या और चोट पहुंचाने के आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।

सिंह ने बताया कि पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वारदात में गम्भीर रूप से घायल दो अन्य व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Published : 
  • 1 November 2023, 3:19 PM IST

Advertisement
Advertisement