हिंदी
सोनभद्र: उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिला प्रशासन ने प्लास्टिक कचरा के निस्तारण का अनूठा अभियान शुरू किया है जिसके अनुकूल परिणाम प्राप्त होने लगे हैं।
जिलाधिकारी द्वारा चलाए गए विशेष अभियान ‘मेरा प्लास्टिक मेरी जिम्मेदारी’ के पहले दिन ही लोगो ने घरों के आसपास और खेतों में पड़े 1128.70 किग्रा प्लास्टिक कचरा इकट्ठा कर दिया है। जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने बताया कि ‘मेरा प्लास्टिक मेरी जिम्मेदारी’ अभियान अब जिले में एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है।
जिले के लगभग ढाई लाख घरों पर बोरिया टांग दी गई है जिसमें प्लास्टिक कचरा इकट्ठा किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 20 से 25 तारीख तक उन बोरियों में इकट्ठे हुए प्लास्टिक को एकत्रित कर ग्राम पंचायत में एक बड़े बोरे/झाल में रखा जा रहा है।
20 जून को पहले दिन प्लास्टिक के कलेक्शन के अभियान में पूरे जिले के 36591 घर कवर किए गए जिसमें लगभग 1128.70 किलो प्लास्टिक इकट्ठा किया गया है।(वार्ता)
Published : 21 June 2022, 6:52 PM IST