दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल पर हमला करने के आरोप में हरियाणा के दो लोग गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने अपने एक हेड कांस्टेबल पर गोली चलाने के आरोप में हरियाणा के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 17 November 2023, 6:48 PM IST

नयी दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने अपने एक हेड कांस्टेबल पर गोली चलाने के आरोप में हरियाणा के दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक यह घटना बुधवार को सोनीपत के अशोक नगर इलाके में हुई थी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त रवींद्र सिंह यादव ने कहा, ‘‘ सोनीपत पुलिस को 15 नवंबर को दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल परवीन पर गोलीबारी की घटना के संबंध में एक पीसीआर कॉल मिली थी। परवीन को गंभीर चोटें आईं थीं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई।’’

इस घटना के मद्देनजर दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की एक टीम को मामले की जांच करने का काम सौंपा गया था।

विशेष पुलिस आयुक्त के मुताबिक निगरानी के जरिए मिली खुफिया जानकारी के आधार पर टीम ने पानीपत के समालखा के पास जाल बिछाया और सोनीपत के सुशील (39) और शीलक राम (50) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने गोलीबारी की इस घटना में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुशील और शीलक राम के एक करीबी सहयोगी राजेश नैन की परवीन से निजी दुश्मनी थी। इसी के मद्देनजर 15 नवंबर को राजेश नैन, बिजेंदर और बबला नामक अन्य लोगों के साथ वे दोनों हेड कांस्टेबल परवीन को मारने की योजना के साथ उसके घर गए।

उन्होंने कहा, ‘‘ जब परवीन ने अपने घर का फाटक खोला तो नैन ने उस पर गोली चला दी और भाग गया। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जल्द ही इस मामले के अन्य आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।’’

Published : 
  • 17 November 2023, 6:48 PM IST

No related posts found.