फ्रांस ने हिंसाग्रस्त सूडान से भारतीय नागरिकों को इस तरह किया रेसक्यू

फ्रांस ने हिंसाग्रस्त सूडान से निकासी अभियान के तहत कुछ भारतीय नागरिकों सहित 28 देशों के नगरिकों को बाहर निकाला है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 24 April 2023, 4:12 PM IST
google-preferred

नयी दिल्ली: फ्रांस ने हिंसाग्रस्त सूडान से निकासी अभियान के तहत कुछ भारतीय नागरिकों सहित 28 देशों के नगरिकों को बाहर निकाला है।

नयी दिल्ली स्थित फ्रांसीसी दूतावास ने सोमवार को कहा कि भारत सहित 28 देशों के 388 लोगों को बाहर निकाला गया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार दूतावास ने ट्वीट किया, ‘‘फ्रांस का निकासी अभियान जारी है। कल रात दो सैन्य विमानों से भारतीय नागरिकों सहित 28 देशों के 388 लोगों को बाहर निकाला गया है।’’

इस अभियान के दौरान बाहर निकाले गए भारतीयों की संख्या के बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है।

रविवार को सऊदी अरब ने कहा कि उसने घनिष्ठ संबंध रखने वाले देशों और मित्र राष्ट्रों के 66 नागरिकों को सूडान से सुरक्षित रूप से निकाला है, जिनमें कुछ भारतीय भी शामिल हैं।

ज्ञात हो कि सूडान में, वहां की सेना और एक अर्द्धसैनिक समूह के बीच पिछले 10 दिनों से जारी भीषण लड़ाई में 400 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।

वहीं, भारत ने हिंसा प्रभावित सूडान में फंसे भारतीयों को इस अफ्रीकी देश से सुरक्षित रूप से निकालने की अपनी आकस्मिक योजना के तहत जेद्दा में दो सी-130जे सैन्य परिवहन विमान उड़ान भरने के लिए तैयार रखे हैं। साथ ही, भारतीय नौसेना के एक जहाज को क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बंदरगाह पर रखा गया है।

शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूडान से 3000 से अधिक भारतीयों को सुरक्षित रूप से निकालने की आकस्मिक योजनाओं की तैयारी के लिए निर्देश दिये थे।

बृहस्पतिवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के साथ सूडान में स्थिति पर चर्चा की थी।

Published : 
  • 24 April 2023, 4:12 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement