हिंदी
देहरादून: ऋषिकेश में जी- 20 के अवसरंचना कार्यकारी समूह (आइडब्लूजी) की बैठक में सम्मिलित होने आए विदेशी मेहमानों ने अंतिम दिन बुधवार को बीटल्स आश्रम का भ्रमण किया । साठ के दशक का प्रसिद्ध ब्रिटिश रॉक बैंड बीटल्स ग्रुप शांति और आध्यात्म की तलाश में ऋषिकेश में महर्षि महेश योगी के आश्रम में आया था और उसी के कारण इसे बीटल्स आश्रम के रूप में भी जाना जाता है ।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, विदेशी प्रतिनिधियों ने आश्रम में महेश योगी साधना केंद्र चौरासी कुटिया पहुंचकर योग, ध्यान और आध्यात्मिकता का नैसर्गिक अनुभव लिया।
इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक शैली में निर्मित कुटिया, ध्यान गुफा, फोटो गैलरी, महर्षि योगी से संबंधित पोस्ट ऑफिस, किचन और योगी ध्यान विद्यापीठ आदि का अवलोकन भी किया ।
विदेशी मेहमानों ने योग और ध्यान करने के अलावा महर्षि योगी से जुड़े प्रसंगों तथा स्मृतियों को जानने तथा समझने के लिए भी अत्यधिक उत्सुकता दिखाई । इस दौरान वे सेल्फी लेते हुए भी दिखाई दिए ।
प्रतिनिधि महर्षि योगी के ’ट्रांसेनडेंटल मेडिटेशन ( इस दुनिया से परे दिव्य संसार )’ के अनुभव से बहुत आनंदित दिखे।
‘टांसेनडेंटल मेडिटेशन’ ध्यान की वह क्रिया है जिसमें आंख मूंदकर विश्राम की अवस्था में बैठकर 15 से 20 मिनट तक दो बार ध्यान किया जाता है।
इससे पहले, पौड़ी के जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे तथा जिला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही वहां उपस्थित लोगों ने विदेशी मेहमानों का भारतीय संस्कृति, परंपरा और रीति-रिवाज के साथ गर्मजोशी से शंख ध्वनि के साथ स्वागत किया गया।
Published : 29 June 2023, 1:29 PM IST
Topics : Beatles Ashram G20 IWG meeting आइडब्लूजी जी20 बीटल्स आश्रम भ्रमण मेहमान
No related posts found.