
नई दिल्लीः इस साल के आईसीसी टी20 विश्व कप 2021 (ICC T20 World Cup 2021) को लेकर ताजा खबर सामने आई है। आईसीसी ने संयुक्त अरब अमीरात में होने वाले विश्व कप के लिए सभी टीमों के ग्रुप का ऐलान कर दिया है।
एशिया में क्रिकेट की दो प्रतिद्वंद्वी टीमों भारत और पाकिस्तान को न्यूज़ीलैंड, अफगानिस्तान और दो क्वालीफायर टीमों के साथ इस वर्ष बाद में होने वाले टी 20 विश्व कप के लिए एक साथ ग्रुप दो में रखा गया है। इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया दक्षिण अफ्रीका, वेस्ट इंडीज और दो क्वालीफायर टीमों को टूर्नामेंट के ग्रुप एक में रखा गया है।
अभी तक टूर्नामेंट के मैचों का कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है, लेकिन ग्रुपों के ऐलान के साथ भारत और पाकिस्तान के फैंस के लिए सबसे बड़े मुकाबले का इंतजार अभी से शुरू हो गया है।
ग्रुप-1 में मौजूदा विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और वनडे की विश्व चैंपियन टीम इंग्लैंड शामिल हैं। दो क्वालिफायर टीमों के रूप में ग्रुप-ए की विजेता और ग्रुप-बी की उपविजेता टीमों को जगह मिलेगी। सुपर-12 के मुकाबलों से पहले 17 अक्टूबर से क्वालिफायर मुकाबलों से टूर्नामेंट की शुरुआत होगी। क्वालिफायर के लिए भी दो ग्रुप बनाए गए हैं। इसके ग्रुप-ए में पूर्व चैंपियन श्रीलंका, आयरलैंड, नीदरलैंड और नामीबिया की टीमें हैं। वहीं ग्रुप-बी में बांग्लादेश, स्कॉटलैंड, पापुआ न्यू गिनी और ओमान की टीमें हैं।
Published : 16 July 2021, 4:34 PM IST
Topics : BCCI ICC T20 World Cup 2021 India Pakistan T20 आइसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 आईसीसी टी20 पाकिस्तान भारत विश्व कप