
लखनऊ/सोनभद्र: 'बलिदान दिवस' कार्यक्रम में शिरकत करने सोनभद्र जा रहे यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय लल्लू समेत कई कई पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। सभी को पुलिस द्वारा अलग अलग स्थानों पर रोका गया और गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से कांग्रेसियों में योगी सरकार को लेकर खासा रोष है।
गिरफ्तार किये गये कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता पिछले साल उभा गांव में मारे गये 10 आदिवासियों की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने और पीड़ित परिजनों से मिलने के लिये सोनभद्र जा रहे थे।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में भदोही में गिरफ्तार किया गया। जबकि कांग्रेस नेता राजेश मिश्रा, अजय राय, प्रदेश महासचिव विश्वविजय सिंह, प्रदेश सचिव सरिता पटेल समेत सैकड़ो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिर्जापुर टोल प्लाजा पर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की गिरफ्तारी से नाराज कांग्रेसियों का कहना है कि यह सब कुछ योगी सरकार के इशारों पर किया गया है। उन्होंने भाजपा समेत योगी सरकार पर आदिवासियों और दलितों का विरोधी होने का आरोप लगाया।
Published : 16 July 2020, 2:00 PM IST