

बाबा जयगुरुदेव के उत्तराधिकारी का सत्संग संत पंकज महाराज बोले अच्छे कर्म से मिलेगा स्वर्ग, बुरे से नर्क की। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
बाराबंकी: बाबा जयगुरुदेव के उत्तराधिकारी संत पंकज महाराज 57 दिवसीय जनजागरण यात्रा पर हैं। उन्होंने विकास खंड मसौली के ग्राम गुरेला में सत्ताइसवां पड़ाव किया। यहां आयोजित सत्संग में उन्होंने लोगों को जीवन के महत्व के बारे में समझाया। संत पंकज महाराज ने कहा कि ईश्वर ने पुण्य कर्मों के फल से मनुष्य को अनमोल मानव शरीर दिया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, उन्होंने बताया कि हर व्यक्ति को अपने कर्मों का फल भोगना पड़ता है। अच्छे कर्मों से स्वर्ग और बैकुंठ की प्राप्ति होती है, जबकि बुरे कर्मों से चौरासी लाख योनियों की यातना भोगनी पड़ती है। उन्होंने भगवान शंकर का उदाहरण देते हुए कहा कि वे साधना में लीन रहते थे। उन्होंने कभी नशीले पदार्थों का सेवन नहीं किया, बल्कि भगवान के भजन को ही सत्य माना।
बाबा जयगुरुदेव ने अपने जीवनकाल में करोड़ों लोगों को भक्ति मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शाकाहार अपनाने, नशा मुक्ति और चरित्र उत्थान के लिए काम किया। अब उनके उत्तराधिकारी संत पंकज महाराज उनके मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं।
कार्यक्रम में महिला संगठन अध्यक्ष संतोष कुमार, डॉ कृष्ण मुरारी, ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। जनजागरण यात्रा अब अगले पड़ाव ग्राम देवकलिया की ओर रवाना हो गई है, जहां सोमवार को दोपहर 12:30 बजे सत्संग होगा।