स्मार्टफोन की दुनिया में अपना वर्चस्व बढ़ने को तैयार है Samsung, जल्द लॉन्ज करेंगी Galaxy के दो नए मॉडल

दक्षिण कोरिया की प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माता सैमसंग को उम्मीद है कि हाल ही में बाजार में पेश अपने मुड़ने वाले (फोल्डेबल) स्मार्टफोन मॉडल गैलेक्सी जेड फोल्ड 5 और गैलेक्सी जेड फ्लिप 5 से स्मार्टफोन बाजार में उसकी अग्रणी स्थिति को मजबूती मिलेगी।

Updated : 26 July 2023, 7:19 PM IST
google-preferred

सोल (दक्षिण कोरिया): दक्षिण कोरिया की प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माता सैमसंग को उम्मीद है कि हाल ही में बाजार में पेश अपने मुड़ने वाले (फोल्डेबल) स्मार्टफोन मॉडल गैलेक्सी जेड फोल्ड 5 और गैलेक्सी जेड फ्लिप 5 से स्मार्टफोन बाजार में उसकी अग्रणी स्थिति को मजबूती मिलेगी।

एक बाजार अनुसंधान फर्म के मुताबिक, भारतीय स्मार्टफोन बाजार में पिछले वित्त वर्ष की मार्च तिमाही में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे सैमसंग रहा। कंपनी 5जी उपकरणों के मामले में भी 24 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे रही।

सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स में मोबाइल अनुभव कारोबार के प्रमुख टी एम रो ने यहां कहा, “हर दिन अधिक लोग हमारे फोल्डेबल फोन को चुनते हैं क्योंकि उस तरह का अनुभव लोगों को किसी अन्य स्मार्टफोन से नहीं मिल सकता है। गैलेक्सी जेड फ्लिप 5 और गैलेक्सी जेड फोल्ड 5 नवीनतम उपकरण हैं जो नवीन प्रौद्योगिकी के माध्यम से हमारे ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने की हमारी प्रतिबद्धता दिखाते हैं।”

बाजार शोध और विश्लेषण फर्म टेकआर्क का अनुमान है कि फोल्डेबल स्मार्टफोन की 2023 में कुल स्मार्टफोन बाजार में लगभग 1.8 प्रतिशत हिस्सेदारी रहेगी। इसका मतलब है कि वर्ष 2023 में भारत में 6.35 लाख से अधिक फोल्डेबल स्मार्टफोन बेचे जाएंगे, जो इस अवधि के लिए अनुमानित कुल बिक्री के 0.5 प्रतिशत से भी कम है।

सैमसंग के एक अधिकारी ने कहा, “यह फोल्डेबल फोन की पांचवीं पीढ़ी है। पिछले पांच साल में हमने अपने भारतीय उपभोक्ताओं को कई नए अनुभव दिए हैं।”

दोनों स्मार्टफोन स्नैपड्रैगन 8 जेन चिपसेट और आईपीएक्स8 प्रमाणन से लैस हैं। इसका मतलब है कि ये दोनों फोन पानी से सुरक्षित हैं और 1.5 मीटर गहरे पानी में आधे घंटे तक डूबे रहने के बाद भी खराब नहीं होंगे।

सैमसंग के अधिकारियों ने कहा कि फोल्ड 4 की अपेक्षा फोल्ड 5 फोन 2.4 मिलीमीटर पतला और 10 ग्राम हल्का होगा। सैमसंग एस पेन भी पिछली पीढ़ी के उपकरणों की तुलना में 41 प्रतिशत पतला है।

Published : 
  • 26 July 2023, 7:19 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement