
देहरादून: पुलिस ने रविवार रात बीजेपी के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को खानपुर के विधायक उमेश कुमार के रुड़की स्थित कैंप कार्यालय पर गोलीबारी करने के आरोप में गिरफ्तार किया। प्रणव सिंह चैंपियन को पुलिस आज कोर्ट में पेश करेगी।
पत्रकार से नेता बने कुमार ने 2022 के राज्य विधानसभा चुनाव में खानपुर निर्वाचन क्षेत्र से चैंपियन की पत्नी कुंवरानी देवयानी को पराजित किया था जिसके बाद से ही दोनों के बीच तनातनी जारी है।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को देहरादून स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। ओरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि चैंपियन की ओर से मिली तहरीर के आधार पर विधायक उमेश कुमार के खिलाफ भी एक मुकदमा दर्ज किया गया है तथा कुमार और उनके समर्थकों को भी हिरासत में लिया गया है।
डोभाल ने बताया कि दोनों ही पक्षों के असलहों के लाइसेंस को निलंबित करने की सिफारिश हरिद्वार के जिलाधिकारी से की गयी है। पुलिस ने उन्हें दी गयी सुरक्षा पर पुन:विचार करने का आग्रह भी किया है।
डोभाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया के जरिए दोनों नेता पिछले कुछ दिनों से एक दूसरे पर टिप्पणियां कर रहे थे। उमेश कुमार ने भी प्रणव के घर पहुंचकर उन्हें ललकारा था। उमेश कुमार शनिवार शाम को प्रणव चैंपियन के घर पहुंचे थे और उन्हें बाहर आने के लिए ललकारा था। जिसके बाद रविवार को प्रणव तीन गाड़ियों के साथ विधायक के दफ्तर पहुंचे थे और ये पूरी घटना हुई।
कुमार ने आरोप लगाया कि चैंपियन ने दो दिन पहले सोशल मीडिया पर उनके साथ गाली-गलौज की थी और उनके माता-पिता के बारे में बेहद अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया। इसके बाद कुमार शनिवार रात को लंढौरा स्थित चैंपियन के आवास पहुंचे और अपशब्द कहे। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सुनिये भोजपुरी के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल क्या कह रहे हैं:
Published : 27 January 2025, 10:53 AM IST
Topics : arrested Former BJP MLA HindiNews ManojTibrewalAakashDynamiteNews ManojTibrewalAakashJournalist police Roorkee Firing Case TrendingNews uttarakhand