
नयी दिल्ली: गणतंत्र दिवस परेड में शुक्रवार को लद्दाख की झांकी ने महिला सशक्तीकरण के साथ ही इस केंद्र शासित प्रदेश की प्रगति की यात्रा की एक मनमोहक झलक पेश की।
झांकी के ट्रैक्टर वाले हिस्से में लड़कियों को बर्फ में आइस हॉकी खेलते हुए दिखाया गया, जो केंद्र शासित प्रदेश में महिला सशक्तीकरण की यात्रा को दर्शाता है। भारतीय महिला आइस हॉकी टीम में सभी खिलाड़ी लद्दाख से हैं।
यह भी पढ़ें: मणिपुर की झांकी में महिलाओं द्वारा संचालित मदर्स मार्केट को प्रदर्शित किया गया
इस झांकी में यह दर्शाने का भी प्रयास किया गया कि फरवरी 2019 में केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा प्राप्त करने के बाद से लद्दाख कितनी तेजी से विकास की ओर अग्रसर हुआ है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार इसमें सामने एक गांव को दर्शाया गया है, जो इस बात पर प्रकाश डालता है कि कैसे लद्दाख लोगों को बिजली, अच्छी शिक्षा और टिकाऊ संसाधन प्रदान करके उनके जीवन को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहा है।
यह भी पढ़ें: लद्दाख में निकाय चुनाव को लेकर उपराज्यपाल का बड़ा बयान, परिसीमन के बाद होंगे चुनाव
इसमें सौर पैनल वाले घरों को भी दर्शाया गया है, जो क्षेत्र में प्रगतिशील पहल के प्रतीक हैं।
झांकी के मध्य भाग में लद्दाख के लोगों को खुबानी जैम और लकड़ी के सामान तैयार करने जैसी विभिन्न आर्थिक गतिविधियों में शामिल दिखाया गया है, जो भविष्य के लिए लद्दाख के सपने का द्योतक है तथा इस बात का भी प्रतीक है है कि युवा कड़ी मेहनत कर रहे हैं और नए विचारों के साथ आगे आ रहे हैं।
अंतिम भाग में लद्दाख में एक ऊंची पहाड़ी को दर्शाया गया है।
इसमें सौर ऊर्जा से चलने वाली एलईडी लाइटें, बकरियों की देखभाल करने वाले लोग और दक्ष पश्मीना बुनकर को भी दर्शाया गया है। झांकी के माध्यम से यह बताने का प्रयास किया गया है कि कैसे लद्दाख में अद्वितीय और कुशल लोग हैं जो अपनी परंपराओं पर गर्व करते हैं।
झांकी के दोनों किनारों पर लद्दाखी, बाल्टी, पुर्गी, शीना, ब्रोकपा या आर्यन और चांगपा समेत विभिन्न जनजातियों से ताल्लुक रखने वाली महिलाओं को दिखाया गया जो लद्दाख की प्रगति की सर्व-समावेशी यात्रा का प्रतीक हैं।
Published : 26 January 2024, 12:34 PM IST
Topics : employment Ladakh parade Republic Day Woman Empowerment गणतंत्र दिवस परेड महिला सशक्तीकरण रोजगार लद्दाख