
जमशेदपुर: केंद्रीय जनजातीय मामले और कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने सोमवार को यहां गोलमुरी के केबल टाउन में श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में भगवान राम की एक विशाल रंगोली का अनावरण किया।
इस मौके पर निर्दलीय विधायक और झारखंड के पूर्व मंत्री सरयू राय भी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: भगवान राम भारत की संस्कृति और इसकी पहचान के अभिन्न अंग
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार राय ने कहा कि 18,500 वर्ग फुट की रंगोली का आज अयोध्या में भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर औपचारिक अनावरण किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि कलाकार विवेक मिश्रा को रंगोली बनाने में लगभग दो सप्ताह लगे।
राय ने कहा, ‘‘165 फुट लंबी और 125 फुट चौड़ी रंगोली बनाने में तीन टन से अधिक रंगों का इस्तेमाल किया गया।’’
इससे पहले मिश्रा ने हाल में बिस्टुपुर में ‘आंध्र भक्त श्री राम मंदिरम’ में भगवान राम की 3,000 वर्ग फुट की रंगोली सफलतापूर्वक बनाई थी।
श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर नवीनीकरण समिति के संयोजक राय ने कहा कि मिश्रा ने भगवान राम की विशाल रंगोली बनाने की इच्छा व्यक्त की थी जिसके लिए मंदिर परिसर के एक क्षेत्र को समतल कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु के श्रीरंगम मंदिर में पूजा-अर्चना की
उन्होंने कहा कि इस रंगोली ने इंदौर की शिखा शर्मा द्वारा बनाई गई पिछली 14,000 वर्ग फुट की कलाकृति को पीछे छोड़ दिया है।
पूर्व मंत्री ने कहा, ‘‘अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर भगवान राम की विशाल रंगोली का अनावरण करते हुए हमें गर्व महसूस हो रहा है।’’
राय ने कहा कि श्री लक्ष्मी नारायण की नौ फुट ऊंची मूर्ति रविवार को निर्माणाधीन मंदिर में लाई गई और बाद में इसकी स्थापना की जाएगी।
राय ने कहा कि मंदिर के गर्भगृह का निर्माण भी सोमवार से शुरू हो जाएगा और रामनवमी से पहले पूरे अनुष्ठान के साथ मूर्ति स्थापित होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि समारोह के बाद भजन-कीर्तन होगा और दिन में 11,000 दीपक जलाए जाएंगे।
Published : 22 January 2024, 4:04 PM IST
Topics : Jharkhand Ram color Union Minister अनावरण अर्जुन मुंडा केंद्रीय मंत्री जमशेदपुर झारखंड भगवान राम रंगोली