
नई दिल्ली: देश के तीन राज्यों उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में मंगलवार को राज्य सभा की 15 सीटों के लिये मतदान हो रहा है। राज्य सभा चुनाव के लिये हो रही वोटिंग के बीच तीनों राज्यों में जमकर क्रॉस वोटिंग होने की खबरें है। इस चुनाव में उच्च सदन के लिये सबसे ज्यादा 10 सीटें उत्तर प्रदेश से है, जहां से क्रॉस वोटिंग के साथ ही 5 से 7 विधायकों के पाला बदलने की खबरें हैं।
उत्तर प्रदेश
राज्य सभा चुनाव के लिये मतदान के बीच उत्तर प्रदेश में बड़ा सियासी खेल हुआ है। वोटिंग शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के मुख्य सचेतक (चीफ़ व्हिप) मनोज पांडे ने सबसे पहले इस्तीफा दिया। उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें है।
जानकारी के मुताबिक यूपी में सपा विधायक मनोड पांडेय के अलावा पाला बदलने वाले सपा के विधायकों में मुकेश वर्मा, महाराजी प्रजापति, पूजा पाल, राकेश पांडे, विनोद चतुर्वेदी, राकेश प्रताप सिंह और अभय सिंह है। इन सभी विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग की खबरें है। अखिलेश यादव ने बगावत करने वाले विधायकों पर हमला बोला और मामले को लेकर भाजपा सरकार को घेरा।
हालांकि यूपी से अपना दल की विधायक पल्लवी पटेल ने समाजवादी पार्टी के पक्ष में वोट करने का दावा किया है।
यह भी पढ़ें: सपा के बागी विधायकों पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, जानिये क्रॉस वोटिंग पर क्या कहा
हिमाचल प्रदेश
हिमाचल में राज्य सभा की तीन सीटों पर हो रही वोटिंग के बीच बड़ी सियासी हलचल है। हिमाचल में 9 विधायकों द्वारा क्रास वोटिंग करने की खबरें सामने आ रही है। यहां 68 में 67 विधायक अब तक वोटिंग कर चुके हैं।
हिमाचल में भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई विधायक उनके संपर्क में है। हिमाचल प्रदेश में लगातार सियासी हलचल बढ़ रही है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के कुछ विधायक पार्टी हाई कमान से असंतुष्ट हैं और क्रॉस वोटिंग का यह भी बड़ा कारण है।
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सुक्खु ने भी क्रॉस वोटिंग की आशंका जतायी है। उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। सुक्खू ने कहा कि भाजपा के पास अंतरात्मा नाम की कोई चीज नहीं रह गई।
कर्नाटक
कर्नाटक राज्यसभा चुनाव के लिये हो रही वोटिंग के बीच राज्य के विपक्षी दल भाजपा के लिए बुरी खबर है। यहां भाजपा विधायक एसटी सोमशेखर द्वारा क्रॉस वोटिंग करने की खबर है। कर्नाटक सरकार के एक मंत्री ने दावा किया कि सोमशेखर ने कांग्रेस के प्रत्याशी जीसी चंद्रशेखर के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की है।
Published : 27 February 2024, 1:23 PM IST
Topics : Heavy cross voting Himachal Rajya Sabha Election 2024 up कर्नाटक क्रॉस वोटिंग नई दिल्ली यूपी राज्य सभा हिमाचल