
नई दिल्लीः उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में आज घना कोहरा जारी रहने की संभावना है। भारत के उत्तरी और मध्य भाग में तीन से पांच फरवरी के बीच बारिश होने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दो फरवरी की रात से पांच फरवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश, बर्फबारी, बिजली कड़कने और ओले गिरने की प्रबल आशंका है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में कोहरे और धुंध से बेहाल हुए लोग, बर्फबारी से फिर लौटी ठंड
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने ये जानकारी दी है की बिहार, असम और मेघालय में कहीं-कहीं अगले 24 घंटे के दौरान घना कोहरा छाने का अनुमान है जबकि ओडिशा में कहीं कहीं शीत लहर चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बिजली के साथ बारिश और ओले गिरने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर बिजली के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने कहा, 'हिमाचल प्रदेश के ऊपर चार फरवरी को और जम्मू कश्मीर के ऊपर तीन और चार फरवरी को भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है।' उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों के ऊपर तीन से पांच फरवरी के दौरान बिजली कड़कने के साथ बारिश और ओले गिर सकते हैं।
Published : 3 February 2021, 7:41 PM IST
Topics : Delhi Weather Update आइएमडी ठंड मौसम विज्ञान विभाग मौसम विभाग