Politics: भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर कसा तंज, कही- ये बड़ी बात

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा है। जानिये, राहुल गांधी को लेकर क्या बोले भाजपा अध्यक्ष..

Updated : 30 May 2020, 3:33 PM IST
google-preferred

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा कि उन्हें कोविड-19 के संकट की बुनियादी समझ एवं समुचित अध्ययन नहीं है, इसीलिये वह बार बार भ्रमित बातें कर रहे हैं।

 

नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक पूरा होने के अवसर पर एक संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल पर कहा कि श्री राहुल गांधी गहराई से किसी विषय को समझ नहीं पाते हैं। इस कारण वह बार बार भ्रमित करने वाले बयान देते रहते हैं। वह कभी कहते हैं कि लॉकडाउन जल्दी क्यों नहीं लगाया और कभी कहते हैं कि लॉकडाउन कोरोना से लड़ने का उपाय नहीं है। वह अपनी राजनीति के लिए बार बार बदल बदल कर बयान देते हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि गांधी कोरोना संकट को लेकर या अन्य किसी विषय पर गहन अध्ययन नहीं करते हैं और सही जानकारी के अभाव में उनकी ऐसी स्थिति बनती है। पर वह एक बड़ी राजनीतिक पार्टी के नेता हैं, तो वह बोलते हैं, इसमें हम क्या कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना के अकल्पनीय संकट के समय में देश को जैसा नेतृत्व दिया है, उसकी दुनिया तारीफ कर रही है। श्री मोदी के प्रयासों से देश में इस महामारी पर काफी हद तक अंतर पड़ा है। प्रधानमंत्री ने सही समय पर सही निर्णय लिये हैं।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस संकट काल में जिम्मेदाराना राजनीति नहीं की। इसी कारण राजनीतिक आरोप -प्रत्यारोप लगे जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। जबकि भाजपा केवल सेवा में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सेवा के लिए उतरा लेकिन हमने इसका बखान नहीं किया। देश में जो भी मजदूर शहरों से घर की ओर लौट रहे हैं, हमारे कार्यकर्ताओं ने उनके ठहरने एवं भोजन पानी आदि का इंतजाम किया लेकिन कांग्रेस नेता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करके लोगों को गुमराह करने में लगे रहे।

उन्होंने माना कि इस अकल्पनीय संकट के कारण सभी गतिविधियों की गति धीमी हुई है लेकिन मोदी के नेतृत्व में भारत सीख रहा है कि किस तरह से कोरोना के साथ जीया जाये। हम देश की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षमता बढ़ा रहे हैं। हर दिन की परिस्थिति को देख कर रोज़ नये तरीके ईजाद कर रहे हैं। पूरा देश श्री मोदी के नेतृत्व में खड़ा है। (वार्ता)

Published : 
  • 30 May 2020, 3:33 PM IST

Advertisement
Advertisement

No related posts found.