
लखनऊ/गोरखपुर: राजघाट थाने में अपने एक कार्यकता को छुड़ाने के दौरान हुए बवाल के बाद गिरफ्तार किये गये हिंदू युवा वाहिनी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत 7 जनवरी 2019 को ही मिल गई थी लेकिन कानूनी कार्रवाई के कारण उनकी रिहाई रविवार को हुई है।
जेल में 175 दिन बिताने के बाद रविवार को सुनील सिंह जेल से रिहा हो गये। उनकी रिहाई पर संगठन के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
राजघाट पुलिस ने 30 जुलाई 2018 को हियुवा भारत के पदाधिकारी चंदन विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद राजघाट थाने पहुंचे हिंदू युवा वाहिनी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने सुनील व उनके सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया।
सुनील सिंह व गिरफ्तार किए अन्य लोगों पर हिंदू युवा वाहिनी के मीरजापुर मंडल अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी देने और थाने पर भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ बवाल करने के आरोप में रासुका में बंद कर दिया गया। अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुनील सिंह ने कहा कि वो अब और भी मजबूती से अपने मिशन में जुटेंगे।
Published : 21 January 2019, 11:12 AM IST