Bihar Politics: जेडीयू संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नीतीश कुमार को लेकर कही ये बड़ी बात

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को वह राष्ट्रीय नेता बनाकर ही दम लेंगे और इस मिशन को पूरा करने में दिन-रात लगे हुए हैं। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 21 August 2022, 4:30 PM IST
google-preferred

पटना: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को वह राष्ट्रीय नेता बनाकर ही दम लेंगे और इस मिशन को पूरा करने में दिन-रात लगे हुए हैं।

यह भी पढ़ें: बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने RJD कोटे के मंत्रियों को जारी के ये 6 नई नसीहतें, जानिये क्या कहा

 कुशवाहा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए रविवार को कहा, "पहले खबर फैलाई गई कि उपेंद्र कुशवाहा बिहार सरकार में मंत्री बनेंगे। फिर कहा जा रहा है कि मंत्री नहीं बनने से नाराज़ हैं। अरे भाई, आपको मालूम है न, मैं तो केंद्र सरकार में मंत्री था। वहां से किसी ने हटाया नहीं था मुझे। सम्मान पर पड़ा, मैंने स्वयं इस्तीफा दे दिया।

यह भी पढ़ें: भाजपा का हमला- कहा, बिहार में फिर शुरू हो गया ‘जीजा-साले’ का दौर

जब केंद्र सरकार में मंत्री की कुर्सी ने मुझे नहीं ललचाया तो राज्य सरकार में मंत्री बनना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है क्या..।"पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आगे लिखा, "कान खोलकर सुन लीजिए मेरे दोस्तों, केंद्र सरकार में मंत्री रह चुका हूं। राज्य में मंत्री न अभी बनना था और न कभी भविष्य में ऐसी चाहत है। अपने नेता और पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के मिशन में लगा हूं और दिन-रात लगा रहूंगा।

फिलहाल एक सूत्री संकल्प सिर्फ और सिर्फ यही है। बस और कुछ नहीं।"जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पहले ही कह चुके हैं कि श्री कुमार को वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार यदि विपक्ष के दल चाहेंगे तो बनाया जा सकता है।

ऐसे में अब श्री कुशवाहा के इस पोस्ट में भी उसी ओर इशारा करते हुए श्री कुमार को राष्ट्रीय नेता बनाने की बात कही गई है।ऐसे में सवाल उठता है कि श्री कुमार के राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय होने पर बिहार की कमान कौन संभालेंगे। जैसा मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कुछ दिनों पूर्व कहा था कि आने वाले समय में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव अहम जिम्मेदारी संभालेंगे।

उनके उस बयान और अब श्री कुशवाहा के श्री कुमार को राष्ट्रीय नेता बनाने की टिप्पणी के बाद ऐसा माना जा रहा है कि महागठबंधन की सरकार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता एवं उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ही भविष्य में महागठबंधन की ओर से बिहार के मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे। वहीं, श्री कुशवाहा ने एक बार फिर से उन बातों का खंडन किया है कि वह नीतीश सरकार में मंत्री नहीं बनने से नाखुश हैं। (वार्ता)

Published : 
  • 21 August 2022, 4:30 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement