शिमला के मॉल रोड पर भोजनालय में धमाका, एक की मौत और सात अन्य घायल

शिमला के मॉल रोड पर मंगलवार शाम दमकल विभाग के कार्यालय के पास एक भोजनालय में धमाका हो गया। धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 18 July 2023, 9:52 PM IST

शिमला: शिमला के मॉल रोड पर मंगलवार शाम दमकल विभाग के कार्यालय के पास एक भोजनालय में धमाका हो गया। धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि मॉल रोड के ठीक नीचे मिडल बाजार में स्थित हिमाचली रसोई भोजनालय में धमाका हुआ जिसमें आसपास की चार से छह दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के घरों की खिड़कियों के कांच टूट गए और इसकी आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई दी। घटनास्थल के दमकल केंद्र और पुलिस नियंत्रण कक्ष के समीप होने से बचाव अभियान तेजी से चलाया जा सका।

शिमला के उपायुक्त अदित्य नेगी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ''धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि सात अन्य झुलस गए। घायलों को तुरंत शिमला में इंदिरा गांधी मेडीकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।''

पुलिस और फॉरेंसिक दल घटनास्थल पर मौजूद हैं और धमाके के कारण का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा।

मौके पर मौजूद भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता करन नंदा ने हादसे में जांच और क्षतिग्रस्त दुकानों के दुकानदारों को उचित मुआवजा देने की मांग रखी।

 

Published : 
  • 18 July 2023, 9:52 PM IST

No related posts found.