Mumbai: मुंबई में होर्डिंग गिरने से बड़ा हादसा, 14 की मौत, 74 लोग जख्मी, सामने आई बड़ी लापरवाही

मुंबई में सोमवार को धूल भरी आंधी के कारण घाटकोपर इलाके में होर्डिंग गिरने से बड़ा हादसा हो गया। जिसमें कई लोग अपनी जान गवां चुके हैं। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 14 May 2024, 9:50 AM IST

मुंबई: मुंबई में सोमवार को धूल भरी आंधी के कारण घाटकोपर इलाके में एक विशालकाय होर्डिंग गिरने से बड़ा हादसा हो गया. इस घटना में मरने वालों की संख्या मंगलवार तड़के बढ़कर 14 हो गई और कम से कम 74 लोग घायल हुए हैं। होर्डिंग के नीचे फंसे लोगों को रेस्क्यू करने के लिए एनडीआरएफ की टीमों ने रात भर बचाव अभियान चलाया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक होर्डिंग पंत नगर में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के किनारे एक पेट्रोल पंप पर गिरा जहां काफी लोग मौजूद थे। यह होर्डिंग लगभग 17,040 वर्ग फुट का था। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने एक बयान जारी कर कहा कि बिलबोर्ड का निर्माण उनकी अनुमति के बिना किया गया था।

होर्डिंग निर्माण में काटे गए पेड़

बीएमसी हेडक्वार्टर में डिजास्टर कंट्रोल रूम का दौरा करने के बाद मीडियाकर्मियों से बात करते हुए, बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी ने कहा, 'यह एक अवैध होर्डिंग था. जिस स्थान पर यह घटना घटी, वहां रेलवे की जमीन पर चार होर्डिंग लगे थे और उनमें से एक गिर गया है। 

बीएमसी एक साल से होर्डिंग्स लगाने पर आपत्ति जता रही थी।  उन्होंने कहा होर्डिंग दिखने में बाधा न आए इसलिए छेदा नगर जंक्शन के पास 8 पेड़ों को जहर दिया गया था। पेड़ सूख जाएं इसके लिए उनकी जड़ों में केमिकल डाला गया था। इस संबंध में 19 मई, 2023 को बीएमसी ने एक एफआईआर दर्ज करायी थी।

CM शिंदे ने किया मुआवजे का ऐलान

महाराष्ट्र के CM एकनाथ शिंदे ने मृतकों के परिवारों के लिए 5 लाख की अनुग्रह राशि की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार को घटना स्थल पर पहुंचे।

Published : 
  • 14 May 2024, 9:50 AM IST