
नयी दिल्ली: एचसीएल टेक्नोलॉजीज ने जर्मनी की ऑटोमोटिव इंजीनियरिंग सेवा मुहैया कराने वाली कंपनी एएसएपी ग्रुप का 25.11 करोड़ यूरो (लगभग 2,300 करोड़ रुपये) में अधिग्रहण किया है।
शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक एएसएपी ग्रुप में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए एचसीएल टेक्नोलॉजीज ने एक बाध्यकारी समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
कंपनी ने बताया कि यह अधिग्रहण उसकी ब्रिटेन स्थित सहायक कंपनी के जरिए पूरी तरह नकद सौदे के रूप में किया गया है। सौदा सितंबर 2023 तक पूरा होने की उम्मीद है, और इसके लिए नियामकीय मंजूरियां ली जानी बाकी हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, एचसीएल टेक यूरोप, जर्मनी और अन्य वैश्विक बाजारों में ऑटोमोटिव इंजीनियरिंग सेवा क्षेत्र में अपनी क्षमताओं को बढ़ाना चाहती है।
एचसीएल टेक के कॉरपोरेट उपाध्यक्ष (इंजीनियरिंग और आरएंडडी सेवाएं)हरि सदरहल्ली ने कहा, ''कोर इंजीनियरिंग एचसीएल टेक के डीएनए में है और यह वास्तव में यह हमारे सेवा पोर्टफोलियो को अलग बनाती है। एएसएपी ने ऑटोमोटिव इंजीनियरिंग में कुछ रोमांचक क्षमताएं विकसित की हैं और इससे हमें अपने वैश्विक नेटवर्क में इन क्षमताओं को बढ़ाने में मदद मिलेगी।''
Published : 13 July 2023, 1:44 PM IST
Topics : acquisition company German HCL Tech Mergers Roshani Nadar इंजीनियरिंग कंपनी एएसएपी ग्रुप एचसीएल टेक जर्मनी