हिंदी
लखनऊ: लम्बे समय से खाली पड़े उत्तर प्रदेश मुख्य सूचना आयुक्त के पद भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) से सेवानिवृत्त अधिकारी भवेश कुमार सिंह की नियुक्ति ककर दी गई है। भवेश कुमार सिंह अब यूपी के नये मुख्य सूचना आयुक्त होंगे। डाइनामाइट न्यूज ने इस पद पर भवेश कुमार सिंह की नियुक्ति का ऐलान पहले ही कर दिया था लेकिन आज राज्यपाल ने उनकी नियुक्ति को विधिवत तरीके से मंजूरी दे दी है।
सीएम योगी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति की बैठक में भवेश कुमार सिंह के नाम पर सहमति बनी थी। उनके नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव की फाइल को मंगलवार को मंजूरी के लिये राज्यपाल के पास भेजा गया था, जिस पर आज राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने मुहर लगा दी है।
यूपी के चौथे मुख्य सूचना आयुक्त
भवेश कुमार सिंह उत्तर प्रदेश चौथे मुख्य सूचना आयुक्त होंगे। इससे पहले तीसरे मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में जावेद उस्मानी इस पद पर 16 फरवरी 2019 तक कार्यरत रहे। उनके रिटायर होने के बाद से यह पद खाली था। लंबे समय से खाली इस पद पर नियुक्ति होने का मामला अदालत में भी पहुंचा।
यूपी में कई अहम पदों पर कर चुके हैं काम
भवेश कुमार सिंह 1987 बैच के आईपीएस अफसर हैं और वह मूल रूप से बिहार के सुपौल के निवासी हैं। भवेश कुमार सिंह भारतीय पुलिस सेवा के उत्तर प्रदेश काडर के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। उत्तर प्रदेश में वह कई जिलों और पदों पर काम चुके हैं। अलीगढ़, मऊ, मथुरा, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, प्रयागराज, बरेली और कानपुर में वे एसपी/एसएसपी रहे। इसके अलावा वह आगरा और गोरखपुर रेंज के आइजी भी रह चुके हैं। एक अगस्त 2017 को महानिदेशक (डीजी) के पद पर प्रमोट हुए थे। इसके बाद बीते साल वह डीजी इंटेलिजेंस के पद से रिटायर हुए।
कई ने किया था आवेदन
बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्य सूचना आयुक्त के पद के लिए सरकार को कुल 68 आवेदन मिले थे। इनमें से 5 आवेदन अपूर्ण होने के कारण रिजेक्ट कर दिए गए। समिति ने जिन सात नामों पर विचार किया, उनमें न्यायपालिका, भारतीय प्रशासनिक सेवा व भारतीय पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी तथा आरटीआइ एक्टिविस्ट आदि शामिल थे।
इन नामों पर हुआ मंथन
समिति ने भवेश कुमार सिंह, अनिल कुमार, राजस्व परिषद अध्यक्ष आइएएस अधिकारी दीपक त्रिवेदी और वर्तमान में सूचना आयुक्त राजीव कपूर, दुष्यंत कुमार, ताहिर हसन नकवी, अशोक कुमार शुक्ला के नामों पर मंथन किया और आखिरकार भवेश कुमार सिंह के नाम पर सहमति बनी, जिस पर आज राज्यपाल ने भी मुहर लगा दी।
Published : 4 February 2021, 6:17 PM IST
Topics : Bhavesh Kumar Singh Chief Information Commissioner CM Yogi IPS uttar pradesh आईपीएस उत्तर प्रदेश भवेश कुमार सिंह मुख्य सूचना आयुक्त