
लखनऊः एक 11वीं की छात्रा को चलती ट्रेन के आगे कूदते हुए देखकर बुधवार की सुबह तब राजधानी के उतरेठिया रेलवे ओवर ब्रिज पर हंगामा मच गया जब छात्रा ने चीखते-चिल्लाते हुए ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। उसे ऐसा करते देख लोगों को होश उड़ गए, आनन-फानन में छात्रा को पीजीआई के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।
जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रही है, सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि छात्रा आशियाना की रहने वाली है घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। मौके पर ट्रामा सेंटर में उसके परिजन भी पहुंच गए हैं। पुलिस पूछताछ में छात्रा ने बताया है कि मगंलवार को उसने अपने भाई विरेंद्र से लखनऊ महोत्सव ले जाने के लिए कहा था लेकिन इस पर उसके भाई ने मना कर दिया।
इसी से गुस्सा होकर छात्रा आज स्कूल जाते समय चलती ट्रेन के आगे कूद गई। पुलिस मामले को लेकर छात्रा के परिजनों से यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इसके पीछे और कोई कारण तो नहीं है। फिलहाल छात्रा अस्पताल में है उसके परिजनों से मामले की गहनता से पूछताछ की जा रही है।
Published : 5 December 2018, 12:48 PM IST
Topics : 11वीं छात्रा उतरेठिया ओवर ब्रिज उत्तर प्रदेश ट्रामा सेंटर ट्रेन पटरी पीजीआई पुलिस रेलवे स्कूल