गुजरात चुनाव में 5 सीटों पर लड़ेगी सपा, बाकी सीटों पर कांग्रेस को समर्थन

गुजरात चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने पत्ते खोल दिये है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि इन चुनावों में सपा अकेले 5 सीटों पर ही चुनाव लड़ेगी और अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 23 October 2017, 2:57 PM IST

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आगामी गुजरात चुनावों में सपा अकेले केवल 5 सीटों पर ही चुनाव लड़ेगी और अपने उम्मीदवारों को ही मैदान में उतारेगी। गुजरात की शेष सीटों पर उनकी पार्टी कांग्रेस का समर्थन करेगी। 

निकाय चुनाव केवल अपने सिंबल पर

सपा मुख्यालय में एक प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि यूपी में निकाय चुनावों समाजवादी पार्टी केवल अपने सिंबल पर चुनाव लड़ेगी। निकाय चुनावों में सपा कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी और अधिक से अधिक सीटें जीतने की कोशिश की जायेगी।

असल मुद्दों से ध्यान हटा रही सरकार 

अखिलेश यादव ने भाजपा पर देश की पंथनिरपेक्ष छवि को भारी चोट पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र और यूपी सरकार देश के असल मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए ताज महल जैसे मुद्दों को हवा देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आगरा के ताजमहल पर होने वाले विवादों को गैर जरूरी बताया। उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक भाषण में खुद माना कि ताज महल की वजह से ही सालाना 3 ट्रिलियन डालर का रोजगार पर्यटन के माध्यम से होता है। उन्होंने आगरा के ताजमहल को दुनिया में भारत की पहचान दिलाने वाला बताया।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे सपा सरकार की बड़ी उपलब्धि

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को सपा सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यदि आज सूबें में उनकी सरकार होती तो आगरा -लखनऊ एक्सप्रेस वे पर एयरफोर्स द्वारा आयोजित एयर शो देखने सबसे पहले वे ही पहुंचते।
 

Published : 
  • 23 October 2017, 2:57 PM IST

No related posts found.