Lok Sabha Polls 3 Phase: सात केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत आज EVM में होगी कैद, अमित शाह, सिंधिया और रुपाला समेत कई दिग्गज मैदान में

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान आज 7 मई को हो रहा है। तीसरे चरण में सात केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर है, इनमें अमित शाह, ज्योतिरादित्य सिंधिया और परषोत्तम रूपाला भी शामिल हैं।पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 7 May 2024, 9:15 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के तीसरे दौर का  मतदान जारी है। तीसरे चरण में 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 93 सीटों पर लोग वोट डालेंगे। सूरत सीट पर भाजपा उम्मीदवार मुकेशभाई दलाल निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। वहीं, अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट का मतदान अब तीसरे की जगह छठे चरण में होगा। इस चरण में केंद्र सरकार के सात मंत्रियों की किस्मत भी ईवीएम में कैद होगी।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार इन मंत्रियों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल हैं।

अमित शाह: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुजरात की गांधीनगर सीट से एक बार फिर से चुनाव मैदान में हैं। शाह 2019 में यहां से जीते थे। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस की सोनल पटेल से है। 

ज्योतिरादित्य सिंधिया: हर बार की तरह गुना लोकसभा सीट की इस चुनाव में एक चर्चित सीट बनी हुई है। गुना लोकसभा सीट से भाजपा की तरफ से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया चुनावी मैदान में हैं। नागरिक उड्डयन और इस्पात मंत्री सिंधिया अभी मध्य प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा सांसद हैं। इस चुनाव के लिए कांग्रेस ने सिंधिया के सामने राव यादवेंद्र सिंह यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है। 

प्रह्लाद जोशी: जिन मंत्रियों की सियासी किस्मत इस चरण में दांव पर है उनमें प्रह्लाद जोशी भी शामिल हैं। केंद्रीय कोयला एवं संसदीय कार्य मंत्री कर्नाटक की धारवाड़ सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं। 

मनसुख मांडविया: महात्मा गांधी की जन्मस्थली पोरबंदर में भाजपा के उम्मीदवार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया हैं। मांडविया अभी तक गुजरात से राज्यसभा के सांसद थे। इस चुनाव में उनका मुकाबला कांग्रेस के ललितभाई वसोया से है। 

नारायण राणे: महाराष्ट्र की रत्नागिरि-सिंधुदुर्ग सीट पर भी लड़ाई रोचक है। यहां से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे को उतारा है। इससे पहले राणे महाराष्ट्र से भाजपा के राज्यसभा सांसद थे। वह कोंकण के कुडाल विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक भी रह चुके हैं। 

श्रीपद येस्सो नाइक: तीसरे चरण में जिन केंद्रीय मंत्रियों का चुनावी भविष्य दांव पर है, उनमें केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग और पर्यटन राज्य मंत्री श्रीपद येस्सो नाइक भी शामिल हैं। नाइक भाजपा के टिकट पर उत्तर गोवा से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने कांग्रेस ने रमाकांत खलप को उतारा है। पूर्व लोकसभा सदस्य खलप गोवा के उप-मुख्यमंत्री रह चुके हैं। 

Published : 
  • 7 May 2024, 9:15 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement