Lok Sabha poll: अन्नाद्रमुक ने भाजपा से गठबंधन को किया इनकार, कही ये बड़ी बात

डीएन ब्यूरो

तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी ऑल इंडिया अन्नाद्रमुक मुनेत्र कषगम ने लोकसभा चुनाव के वास्ते भाजपा के साथ गठबंधन से इनकार करते हुए बुधवार को कहा कि उसने पहले ही भारतीय जनता पार्टी के लिए अपने दरवाजे बंद कर दिए हैं। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

एआईएडीएम वरिष्ठ नेता डी. जयकुमार
एआईएडीएम वरिष्ठ नेता डी. जयकुमार


चेन्नई: तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी ऑल इंडिया अन्नाद्रमुक मुनेत्र कषगम ने लोकसभा चुनाव के वास्ते भाजपा के साथ गठबंधन से इनकार करते हुए बुधवार को कहा कि उसने पहले ही भारतीय जनता पार्टी के लिए अपने दरवाजे बंद कर दिए हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि ‘भाजपा के दरवाजे अन्नाद्रमुक के लिए खुले हैं’। शाह की इस टिप्पणी पर पार्टी के वरिष्ठ नेता डी. जयकुमार ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता ने अपनी पार्टी का रुख बता दिया है।

अन्नाद्रमुक के संगठन सचिव जयकुमार ने कहा, ‘‘अमित शाह ने कहा है कि उनकी पार्टी के दरवाजे अन्नाद्रमुक के लिए खुले हैं। जहां तक हमारी पार्टी के रुख की बात है, भाजपा एक समय सहयोगी पार्टी थी। अब, यह एक ऐसी पार्टी है जिसका हम खुलकर विरोध करते हैं।’’

भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई का नाम लिए बिना, अन्नाद्रमुक नेता ने आरोप लगाया कि द्रविड़ दिग्गज सी. एन. अन्नादुरई और अन्नाद्रमुक की पूर्व प्रमुख दिवंगत जे. जयललिता का उन्होंने अनादर किया।

उन्होंने कहा कि इतने बड़े नेताओं के खिलाफ अन्नामलाई की आलोचना जारी रही, बावजूद इसके कि उनकी पार्टी ने इसकी कड़ी निंदा की थी।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार जयकुमार ने कहा, ‘‘हम भाजपा को कैसे स्वीकार कर सकते हैं? पार्टी कार्यकर्ता और लोग भाजपा के साथ हाथ मिलाने के खिलाफ हैं। जब हमने भाजपा से अपना नाता तोड़ा था, तो पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्यभर में पटाखे फोड़े थे, यह हमारे कार्यकर्ताओं की भावनाओं को दर्शाता है कि वे भाजपा के साथ कोई गठबंधन नहीं चाहते हैं।’’

जयकुमार ने कहा, ‘‘पार्टी के इस संकल्प कि भाजपा के साथ कभी गठबंधन नहीं होगा, का राज्यभर में पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगों ने स्वागत किया। जहां तक हमारा सवाल है, हमने भाजपा के लिए अपने दरवाजे बंद कर दिए हैं, भले ही उन्होंने अपना दरवाजा (अन्नाद्रमुक के लिए) खुला रखा हो। हमने भाजपा के लिए अपने दरवाजे बंद कर दिए हैं। हम नहीं चाहते कि भाजपा हमारे पास आये। यह हमारा रुख है।’’

यह पूछे जाने पर कि अगर भाजपा ने जयललिता के खिलाफ टिप्पणी के लिए अन्नामलाई के खिलाफ कार्रवाई की तो क्या अन्नाद्रमुक अपने रुख पर पुनर्विचार करेगी, जयकुमार ने कहा, ‘‘फैसला बदलने का कोई सवाल ही नहीं है।’’










संबंधित समाचार