
नई दिल्ली: वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अहमद पटेल का आज सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सुबह 3 बजकर 30 मिनट पर निधन हो गया है। अहमद पटेल एक महीना पहले कोरोना से संक्रमित हुए थे, जिसके बाद उनका इलाज चल रहा था। अहमद पटेल का निधन कांग्रेस पार्टी के लिये एक अपूरणीय क्षति है, उन्हें कांग्रेस का चाणक्य भी कहा जाता था।
बच्चों को हमेशा राजनीति से रखा दूर
राजनीति के इस चाणक्य के बारे में सबसे दिलचस्प तथ्य यह है कि अहमद पटेल ने अपने बच्चों को हमेशा राजनीति से दूर रखा। वर्ष 1977 में इमरजेंसी के दौरान 26 साल की उम्र में लोकसभा पहुंचे अहमद पटेल ने राजनीति के कई शिखरों को छुआ और फिर कभी वापस मुड़कर नहीं देखा।
देश के सबसे युवा सांसद
महज 26 साल की उम्र में भरुच से लोकसभा चुनाव जीतकर तब अहमद पटेल देश के सबसे युवा सांसद बने थे। उनकी इस जीत ने इंदिरा गांधी समेत सभी राजनीतिक पंडितों को चौंका दिया था।
कांग्रेस के संकटमोचक
अहमद पटेल कांग्रेस से तीन बार लोकसभा सांसद और पांच बार राज्यसभा सांसद चुने गये। उन्हें जहां कांग्रेस का संकटमोचक भी माना जाता था वहीं सोनिया गांधी समेत पूरे गांधी परिवार के वह खास विश्वासपात्र भी थे। उन्होंने कई मौकों पर कांग्रेस पार्टी को अभूतपूर्व संकटों से उबारा। पार्टी के कई नेता उनको कांग्रेस का एक सच्चा सिपाही कहते थे।
सोनिया गांधी को कराया स्थापित
राजनीति पर पैनी नजर रखने वालों द्वारा यहां तक कहा जाता है कि अहमद पटेल की वजह से ही सोनिया गांधी भारतीय राजनीति में खुद को स्थापित कर पाई। पति राजीव गांधी की हत्या के बाद बुरी तरह टूट चुकी सोनिया गांधी को दो बतौर राजनीतिज्ञ बनाने में अहमद पटेल का बड़ा हाथ रहा है।
गांधी परिवार के करीबी लेकिन रहते थे लो-प्रोफाइल
गांधी परिवार के सबसे करीब और कांग्रेस के बेहद ताकतवर असर वाले नेता अहमद हमेशा खुद को बेहद लो-प्रोफाइल रखते थे। वह एक तरह से कांग्रेस की आंतरिक ऊर्जा थे, जो पार्टी के पक्ष में और विपक्षियों को लिये रणनीति बनाते थे।
भरूच जिले में जन्म
अहमद पटेल का जन्म गुजरात के भरूच जिले में स्थित अंकलेश्वर में 21 अगस्त 1949 को हुआ। वर्ष 1976 में अहमद पटेल ने मेमूना अहमद से शादी की थी। उनका एक बेटा और एक बेटी हैं।
पिता थे पंचायत सदस्य
अहमद पटेल के पिता मोहम्मद इशकजी पटेल भरूच की तालुका पंचायत सदस्य थे और कांग्रेस के नेता थे। अहमद पटेल ने अपने पिता की उंगली पकड़कर राजनीति सीखी और कांग्रेस के पंचायत तालुक के अध्यक्ष बने।
Published : 25 November 2020, 9:46 AM IST
Topics : Ahmed Patel Congress leader Sonia gandhi family अहमद पटेल कांग्रेस गांधी पारिवार राजनीति सोनिया गांधी