
चामराजनगर: कर्नाटक के बांदीपुर बाघ अभयारण्य में रविवार तड़के वन विभाग कर्मियों और एक गिरोह के बीच गोलीबारी के दौरान एक संदिग्ध शिकारी की मौत हो गयी। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल से एक बंदूक और सांभर हिरण के कटे हुए अंग जब्त किए गए तथा आगे की जांच जारी है।
उन्होंने बताया कि यह घटना बाघ अभयारण्य के मद्दूर रेंज में हुई।
अधिकारियों ने कहा कि आधी रात के करीब इलाके में गश्त कर रहे कर्मियों ने गोलियों की आवाज सुनी, जिसके बाद वन विभाग और अवैध शिकार की रोकथाम से संबंधित शिविर के कर्मियों की एक टीम को मौके पर भेजा गया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक तलाशी अभियान के दौरान वन कर्मियों को आठ से दस लोगों का एक गिरोह का पता चला, जिसने कथित तौर पर उनलोगों पर गोलीबारी की। अधिकारी ने बताया कि जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और गिरोह के अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग गए।
उन्होंने बताया कि वन अधिकारी पुलिस के साथ मिलकर गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
Published : 5 November 2023, 3:39 PM IST
Topics : Bandipur forest department Karnataka poacher killed shootout कर्नाटक गोलीबारी बांदीपुर वन विभाग