Site icon Hindi Dynamite News

Jharkhand Polls: सपा ने झारखंड में उतारे 21 प्रत्याशी, अकेले ही ठोकी ताल

समाजवादी पार्टी ने झारखंड में होने वाले विधान सभा चुनाव के लिए 21 प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
Jharkhand Polls: सपा ने झारखंड में उतारे 21 प्रत्याशी, अकेले ही ठोकी ताल

लखनऊ: झारखण्ड में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाला है। इस चुनाव के लिए सभी पार्टियां अपनी-अपनी तैयारियों में लगी है। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने झारखंड के विधानसभा चुनाव में अपने दम पर 21 प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। इंडिया गठबंधन के तहत हिस्सेदारी न मिलने पर पार्टी ने अकेले ही ताल ठोक दी है।

पार्टी के झारखंड राज्य प्रभारी व्यास जी गोंड ने गठबंधन पर सपा को उचित सम्मान न देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि यहां भी अब मध्य प्रदेश जैसा हाल होने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। 

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार  मध्य प्रदेश, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और महाराष्ट्र की तरह ही इंडिया गठबंधन के दलों ने झारखंड में भी सपा को कोई सीट नहीं दी।

हरियाणा के चुनाव में तो सपा ने अपने प्रत्याशी नहीं उतारे, लेकिन महाराष्ट्र के बाद अब झारखंड में भी अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। झारखंड में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा से सीटों के बंटवारे पर सपा अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष व्यासजी गोंड वार्ता कर रहे थे। 

उन्होंने बताया कि ऐन वक्त पर उन्हें सीटें देने से इन्कार किया गया। झामुमो ने पहले कहा कि कांग्रेस के कोटे में से सपा सीट ले। कांग्रेस से बात की तो उसने भी कह दिया कि उसे अपने कोटे से राजद को सीटें देनी पड़ रही हैं। इस टालमटोल के चलते पहले सपा को आश्वासन मिले, लेकिन अंतत: उसके हाथ कुछ नहीं आया।

इस पर सपा ने पहले चरण की 11 सीटों गढ़वा, बरही, मनिका, हुसैनाबाद, भनवाथपुर, छतरपुर, विश्रामपुर, जमशेदपुर, बरकट्ठा, बड़कागांव और कांके में प्रत्याशी उतार दिए हैं। इसके अलावा दूसरे चरण की 10 सीटों पाकुड़, महेशपुर, जरमुंडी, राजमहल, बोरयो, सारठ, जमुआ, निरसा, टुंडी और बाघमारा में भी प्रत्याशियों के नामों का एलान कर दिया है।

सपा के झारखंड प्रभारी गोंड ने कहा कि राज्य की पांच सीटों पर सपा बहुत ही मजबूती से लड़ रही है। इस बार उसे झारखंड में भी सफलता मिलेगी।

अगर आप युवा है और नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो आप हमारी 'युवा डाइनामाइट' को विजिट कर सकते हैं। 
https://www.yuvadynamite.com/

Exit mobile version