
जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में बावरिया गिरोह के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में बावरिया गैंग के दो बदमाशों को गोली लगी। मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने हथियार और लूट का सामान भी बरामद किया। मुठभेड़ में घायल बदमाशों को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया है। बदमाशों की फायरिंग में दो पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गये। दोनों बदमाशों पर आधा दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक बीती रात लाइन बाजार, स्वाट व सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि बावरिया गिरोह के बदमाश बलिया से आजमगढ़ होकर मड़ियाहूं जाने वाले है। प्रसाद तिराहे पर चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों को रुकने का इशारा दिया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई के तौर पर बदमाशों पर फायरिंग की। इस दौरान मुठभेड़ में बावरिया गैंग के दो बदमाश घायल हो गए हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से दो तमंचा-कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल, लूट की दो चैन व चैन बिक्री से प्राप्त नकदी बरामद की गयी है।
जानकारी के मुताबिक नवागत पुलिस अधीक्षक डॉ अजय पाल शर्मा द्वारा जनपद को भयमुक्त, शांत व सुरक्षित बनाने के लिये अपराध पर प्रभावी नियंत्रण व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिये विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया था। इस अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी नगर कुलदीप कुमार गुप्ता के परवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक लाइन बाजार आदेश कुमार त्यागी मय हमराह प्रसाद तिराहे पर अपराध नियत्रण कें लिए शनिवार देर रात संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग की जा रही थी, उसी समय प्रभारी एसओजी, प्रभारी सर्वीलान्स मय टीम वहां आ गये।
वाहन चेकिंग के दौरान दो बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग करके भागने लगे। जबाबी फ़ायरिंग में दोनों गोली लगने से घायल हुए है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को वाराणसी रेफर कर दिया गया है। दोनों बावरिया गिरोह के है। दोनों के पास से दो तमंचा कारतूस, लूट के सामान, बाइक बरामद हुई है। केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मुठभेड़ में घायल दोनो बदमाशों की पहचान सोमपाल बावरिया और विक्की के रूप में हुई है। दोनों शामली जिले के रहने वाले है। दोनों बदमाशों के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज है।
Published : 5 February 2023, 3:19 PM IST
Topics : Bawariya Gang Jaunpur Police Encounter uttar pradesh उत्तर प्रदेश जौनपुर पुलिस बावरिया गैंग मुठभेड़