
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय करों में हेराफेरी की जांच को लेकर बीबीसी के मुंबई और दिल्ली कार्यालयों में आयकर विभाग की टीम पहुंची है। आईटी द्वारा बीबीसी ऑफिस का सर्वे किया जा रहा है। आईटी ने जांच के लिये बीबीसी ऑफिस को सील करने की खबर है। कांग्रेस ने इस मामले पर केंद्र सरकार को घेरते हुए इसे अघोषित आपातकाल बताया है।
जानकारी के मुताबिक BBC पर इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी का आरोप है। इसके लिये IT विभाग की 60 से 70 लोगों की टीम सर्वे में शामिल है।
बताया जाता है कि आईटी ने सर्वे के दौरान बीबीसी स्टाफ के फोन बंद करा दिए हैं। साथ ही किसी को परिसर में आने-जाने से रोक दिया गया है। अधिकतर स्टाफ को घर जाने के लिये कहा गया है और ऑफिस को सील कर दिया गया है।
बीबीसी कार्यालयों पर सर्वे को लेकर कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया कि पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया। अब BBC पर IT का छापा पड़ गया है। ये अघोषित आपातकाल है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि यहां हम अडानी के मामले में JPC की मांग कर रहे हैं और वहां सरकार BBC के पीछे पड़ी हुई है। 'विनाशकाले विपरीत बुद्धि'।
Published : 14 February 2023, 1:33 PM IST
Topics : BBC Delhi IT Team Mumbai search operation आयकर विभाग दिल्ली बीबीसी मुंबई