
लिमेरिक (आयरलैंड): भारतीय तीरंदाज प्रियांश यहां चल रही विश्व तीरंदाजी युवा चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे जिससे देश के पदकों की संख्या नौ हो गयी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, प्रियांश शनिवार को एकतरफा पुरुष अंडर-21 व्यक्तिगत फाइनल में स्लोवेनिया के अलजाज ब्रेंक को 147-141 से हराकर अंडर-21 विश्व चैम्पियन बने।
इससे पहले उभरती हुई तीरंदाज अदिति स्वामी अमेरिका की लिएन ड्रेक को हराकर अंडर-18 महिला विश्व चैम्पियन बनीं।
पिछले महीने विश्व कप में अंडर-18 कम्पाउंउ महिला क्वालीफाइंग रिकॉर्ड बनाने वाली अदिति ने इसी लय को जारी रखते हुए यहां चल रही युवा विश्व चैम्पियनशिप के फाइनल में लिएन को 142-136 से पराजित किया।
विश्व कप में सीनियर पदार्पण करते हुए अदिति ने पिछले महीने कोलंबिया में टीम कांस्य पदक जीता था।
अदिति ने पिछले साल शारजाह में एशिया कप के तीसरे चरण में व्यक्तिगत रजत पदक भी अपने नाम किया था।
भारत ने अभी तक नौ पदक जीत लिये हैं जिसमें पांच स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।
Published : 9 July 2023, 4:59 PM IST
Topics : Archery champion India Priyansh World Under 21 चैम्पियन तीरंदाजी प्रियांश भारत विश्व अंडर 21