अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत ने लगाई लंबी छलांग, जानिये केंद्रीय मंत्री ने क्या कहा

डीएन ब्यूरो

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत ने पिछले नौ साल में अंतरिक्ष के क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई है और अंतरिक्ष के अनुप्रयोगों में विविधता लाने के प्रयास किए गए हैं। पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

फाइल फोटो
फाइल फोटो


बेंगलुरु: केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत ने पिछले नौ साल में अंतरिक्ष के क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई है और अंतरिक्ष के अनुप्रयोगों में विविधता लाने के प्रयास किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतरिक्ष के अनुप्रयोगों में विविधता लाने के लिए कड़ी मेहनत की है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, भारत की जी-20 की अध्यक्षता के दौरान यहां ‘‘जी20 स्पेस इकॉनोमी लीडर्स मीटिंग’’ (एसईएलएम) के चौथे सत्र में अंतरिक्ष राज्य मंत्री ने कहा, ‘‘अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी अप्रत्यक्ष रूप से एक या अन्य तरीके से आज हर घर में पहुंच गई है।’’

सिंह ने कहा, ‘‘...पिछले आठ-नौ साल में प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी के नेतृत्व में भारत ने वास्तव में (अंतरिक्ष के क्षेत्र में) लंबी छलांग लगाई है।’’

मंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में अंतरिक्ष क्षेत्र में सुधार शुरू किए जाने के बाद से भारत में अब इस क्षेत्र में 140 से अधिक सक्रिय और सफल स्टार्टअप हैं।

केंद्रीय विदेश और शिक्षा राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह, जी-20 के शेरपा अमिताभ कांत, अंतरिक्ष विभाग में सचिव और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्यक्ष सोमनाथ एस. और भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन एवं प्राधिकरण केंद्र (आईएन-स्पेस) के अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका ने भी उद्घाटन समारोह को संबोधित किया।










संबंधित समाचार