
प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज में महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो हादसे का शिकार हो गई। बोलेरो और बस की टक्कर में 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि 19 श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों को रामनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल कर रही है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मेजा में प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर शुक्रवार देर रात श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो और बस में आमने-सामने की टक्कर हुई जिससे भीषण सड़क हादसा हो गया।
हादसे में मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ कोरबा के रहने वाली ईश्वरी प्रसाद जायसवाल, संतोष सोनी, भागीरथी जायसवाल, सोमनाथ, अजय बंजारे, सौरभ कुमार सोनी, गंगा दास वर्मा, शिवा राजपूत, दीपक वर्मा, राजू साहू के रुप में हुई है।
जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के जिला कोरबा के श्रद्धालु बोलेरो कार से संगम स्नान के लिए प्रयागराज में महाकुंभ मेला जा रहे थे। रात करीब 2 बजे जब उनकी गाड़ी प्रयागराज-मिर्जापुर हाइवे पर मेजा थाना क्षेत्र के मनु के पुरा गांव के निकट पहुंची तभी सामने से आ रही बस से उसकी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। टक्कर लगते ही बोलेरो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बोलेरो में श्रद्धालु बुरी तरह से फंस गए थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
हादसे में बोलेरो सवार सभी सभी श्रद्धालु छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रहने वाले थे। हादसे के बाद 10 श्रद्धालुओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में बस में सवार जो 19 श्रद्धालु जख्मी हुए वे संगम स्नान के बाद वाराणसी जा रहे थे। सभी घायलों को सीएचसी रामनगर में भर्ती कराया गया है। बस में सवार सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं मृतकों के शव को कब्जे में लिए गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खबर अपडेट हो रही है...
Published : 15 February 2025, 8:42 AM IST
Topics : devotees killed Maha Kumbh Maha Kumh Devotees killed in Road Accident Meja police station area Prayagraj mirzapur highway prayagraj news road accident in prayagraj TrendingNews viralnews