
नई दिल्ली: आज देश की पहली महिला राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा देवीसिंह पाटिल का जन्मदिन है। श्रीमती प्रतिभा पाटिल भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होने वाली भारत की बारहवीं राष्ट्रपति रहीं। पांच सालों का उनका कार्यकाल भारत के लिये कई मायनों में महत्वपूर्ण रहा और उन्होंने भारतीय इतिहास के गौरवशाली पन्नों में अपने नाम की अमिट छाप छोड़ी। वह भारत ही नहीं, बल्कि विश्वभर में भी मशहूर रही और दुनिया की आधी आबादी के लिये हमेशा प्रेरणास्रोत बनीं रही।
अतुलनीय योगदान
प्रतिभा पाटिल को उनके विशेष राजनीतिक जीवन और समाज व राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान के कारण भारत के राष्ट्रपति के रूप में 25 जुलाई 2007 को नियुक्त किया गया। वे इस पद पर 24 जुलाई 2012 तक आसीन रहीं। उन्होंने अपने बेहतरीन कार्यों और प्रतिभा के बूते पर देश-विदेश में न केवल अपना बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया। एक पहली महिला के नाते राष्ट्रपति गौरवशाली पद पर आसीन होकर उन्होंने कई वर्जनाओं को भी तोड़ा।
वकील से कैरियर की शुरूआत
महाराष्ट्र के एक साधारण परिवार में जन्मी प्रतिभा पाटिल हमेशा ही विलक्षण प्रतिभा की धनीं रहीं। उन्होंने अपने कैरियर की शुरूआत एक वकील के रूप में की और अपनी प्रतिभा के बूते पर राष्ट्रपति पद तक का सफर हासिल किया। राष्ट्रपति बनने से पहले उन्होंने राजस्थान के राज्यपाल के पद पर भी काम किया।
प्रारंभिक शिक्षा और जीवन
स्थानीय राजनीतिज्ञ नारायण राव की पुत्री प्रतिभा पाटिल का जन्म 19 दिसंबर, 1934 को महाराष्ट्र के जलगांव जिले के बोडवाडतालुका गांव नदगांव में हुआ था। उन्होंने आरएआर विद्यालय, जलगाँव से अपनी प्राथमिक शिक्षा पूरी की और सरकारी कानून कॉलेज, मुंबई से कानून में अपनी बैचलर की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने मूलजी जेठा कॉलेज, जलगाँव से राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र मास्टर की डिग्री ली।
खेलों में भी खूब सक्रियता
प्रतिभा पाटिल को एक अच्छे खिलाड़ी के रूप में भी जाना जाता है। कॉलेज के दिनों में खेलों में उनकी खूब सक्रियता रही। पाटिल टेबल टेनिस की बहुत अच्छी खिलाड़ी भी रहीं।
पिता से मिली राजनीति की प्रेरणा
प्रतिभा पाटिल को राजनीति में कदम रखने की प्रेरणा अपने पिता से मिली। 28 साल के राजनीतिक जीवन में उन्होंने शिक्षा उप मंत्री से लेकर सामाजिक कल्याण मंत्री, पर्यटन और आवास मंत्री समेत कई प्रभावशाली मंत्री के पदों का काम किया।
Published : 19 December 2020, 6:15 PM IST
Topics : 12th Presidnet of India Pratibha Devi Singh Patil Woman President of India जन्मदिन प्रतिभा देवीसिंह पाटिल भारत महिला राष्ट्रपति राष्ट्रपति