Gujarat: अहमदाबाद के पूर्व महापौर मुकुल शाह का निधन, प्रधानमंत्री ने शोक जताया

डीएन ब्यूरो

अहमदाबाद के पूर्व महापौर एवं प्रख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकुल शाह का रविवार को यहां उनके घर पर निधन हो गया। वह हृदय से संबंधित बीमारी से जूझ रहे थे। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

डॉ. मुकुल शाह का निधन
डॉ. मुकुल शाह का निधन


अहमदाबाद: अहमदाबाद के पूर्व महापौर एवं प्रख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकुल शाह का रविवार को यहां उनके घर पर निधन हो गया। वह हृदय से संबंधित बीमारी से जूझ रहे थे। 

शाह (74) का निधन उनके घर पर रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। अहमदाबाद नगर निगम में भाजपा नेता गौरांग प्रजापति ने बताया कि दिन के समय एक अस्पताल में उनकी एंजियोग्राफी हुई थी।

यह भी पढ़ें: परीक्षा पे चर्चा में प्रधानमंत्री ने छात्रों को बताई ये ज्ञान की बातें, जानिए क्या हैं ये गुरु मंत्र 

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘डॉ मुकुल शाह के निधन से दुखी हूं। महापौर के रूप में शहर के विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति उनके प्रयासों के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं।’’

वह वर्ष 1980 और 1987 में नगर निगम पार्षद के रूप में चुने गये थे और 1991-92 में अहमदाबाद के महापौर रहे।

यह भी पढ़ें: परीक्षा पे चर्चा में छात्रों से PM मोदी ने कहा- यह कार्यक्रम मेरे लिए एक परीक्षा की तरह है

नगर निगम पार्षद के रूप में अपने 12 साल के कार्यकाल के दौरान वह अहमदाबाद नगर निगम में सबसे कम उम्र के उप महापौर (1988 और 1989), स्थायी समिति अध्यक्ष (1990) और महापौर (1991 और 1992) रहे।

उन्हें 2012 और 2014 में गुजरात विश्वविद्यालय का अस्थायी कुलपति भी नियुक्त किया गया था और अमरकंटक में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय का कुलपति भी बनाया गया था।

शाह ने एमबीबीएस और एमडी (प्रसूति एवं स्त्री रोग) की पढ़ाई की हुई थी और अहमदाबाद नगर निगम द्वारा संचालित एनएचएल मेडिकल कॉलेज में पंजीयक और प्रोफेसर के रूप में कार्य किया था। उन्हें अहमदाबाद मेडिकल एसोसिएशन के सबसे कम उम्र के उपाध्यक्ष के रूप में भी चुना गया था।










संबंधित समाचार