सरकार ने नवी मुंबई मेट्रो लाइन सेवा की शुरुआत में अपने स्वार्थ के लिए देरी की: राकांपा

शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने महाराष्ट्र सरकार पर प्रचार के लिए नवी मुंबई मेट्रो रेल लाइन की शुरुआत में देरी करने का शुक्रवार को आरोप लगाया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 17 November 2023, 7:52 PM IST
google-preferred

मुंबई: शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने महाराष्ट्र सरकार पर प्रचार के लिए नवी मुंबई मेट्रो रेल लाइन की शुरुआत में देरी करने का शुक्रवार को आरोप लगाया।

नवी मुंबई में बेलापुर और पेंडार के बीच 11.10 किलोमीटर लंबी मेट्रो रेल लाइन- 1 पर शुक्रवार से सेवाएं शुरू हो गईं।

राज्य के शहर एवं औद्योगिक विकास निगम (सिडको) ने बृहस्पतिवार को एक विज्ञप्ति में बताया था कि मेट्रो सेवाएं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निर्देश पर ‘‘बिना किसी आधिकारिक कार्यक्रम’’ के जनता के लिए शुरू की जा रही हैं।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार राकांपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने एक बयान में कहा, ‘‘मेट्रो रेल आमजन की सेवा करने के लिए छह महीने पहले से तैयार थी, लेकिन इसे जनता के लिए शुरू करने में इसलिए देर की गई, क्योंकि महाराष्ट्र सरकार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का समय नहीं मिल पाया।’’

क्रैस्टो ने कहा, ‘‘इस सरकार को केवल अपने प्रचार और लाभ की चिंता है। उन्हें आम लोगों की सुविधा की परवाह नहीं है। इस सरकार ने नवी मुंबई के वासियों को आवागमन की सुविधा प्रदान करने में अपने स्वार्थ के लिए छह महीने तक की देरी की।’’

उन्होंने औपचारिक उद्घाटन कार्यक्रम के बिना मेट्रो रेल लाइन सेवा शुरू करने की शिंदे की घोषणा पर कहा कि महाराष्ट्र सरकार का यह रवैया केवल यही साबित करता है कि वह प्रचार की भूखी है और जन विरोधी है।

सिडको ने बृहस्पतिवार को कहा था, ‘‘मेट्रो सेवा पेंडार से बेलापुर टर्मिनल और बेलापुर टर्मिनल से पेंडार के बीच शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे शुरू होगी और आखिरी मेट्रो ट्रेन सेवा रात को 10 बजे होगी। मेट्रो सेवा 18 नवंबर से सुबह छह बजे से शुरू होगी। इस मार्ग पर अंतिम मेट्रो सेवा रात 10 बजे उपलब्ध होगी और ट्रेन हर 15 मिनट पर आएगी।’’

Published : 
  • 17 November 2023, 7:52 PM IST

Related News

No related posts found.