
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने वीर बहादुर सिंह एजुकेशनल ग्रुप ऑफ कॉलेज के वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को ऊंचाई पर पहुंचने के लिए शिक्षा को अपनाना बहुत जरूरी है। उन्होंने संस्थान द्वारा होनहार छात्रों को दिए जा रहे अवसरों की सराहना की और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया।
संस्थान के अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख अंशु सिंह द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि यह संस्थान छात्रों को शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व मंत्री और खजनी विधायक श्रीराम चौहान ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि लक्ष्य हमेशा बड़ा होना चाहिए, क्योंकि बड़ी सोच ही सफलता की ओर ले जाती है।
सामाजिक समरसता का प्रतीक बना संस्थान
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित महाराष्ट्र भाजपा उपाध्यक्ष एवं सिद्धिविनायक मंदिर कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने कहा कि वीर बहादुर सिंह एजुकेशनल ग्रुप ऑफ कॉलेज गरीब एवं कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है। यहां जाति एवं वर्ग का कोई भेदभाव नहीं है, जिसके कारण आर्थिक रूप से कमजोर छात्र भी शिक्षा से वंचित नहीं रहते। कार्यक्रम का संचालन डॉ पुष्पा मिश्रा एवं छात्राओं ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष जनार्दन तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक सिंह, वंश बहादुर सिंह, सुरसरी मिश्रा, डॉ बी.एस. सिंह, हरकेश राम त्रिपाठी, विनोद पांडेय, धरनी धर राम त्रिपाठी सहित भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
स्थानीय ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। अतिथियों का भव्य स्वागत अंशुमाली धर द्विवेदी ने किया, जबकि संस्थान की अध्यक्ष श्रीमती अंशु सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ अपने नेताओं का स्वागत किया, जिससे पूरे समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी बन गया।
Published : 29 March 2025, 6:43 PM IST
Topics : Annual Function Basic Education Minister Sandeep Singh Gorakhpur pramukh Anshu Singh uttar pradesh Veer Bahadur Singh Educational Group