
गाजीपुर: जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के आलम पट्टी स्थित एक मैरेज हॉल में शुक्रवार रात शादी में डीजे को लेकर हंगामा हो गया। नशे में धुत सिपाही ने नाराज होकर दो अन्य साथियों को बुलाकर शादी में फायरिंग करनी शुरू कर दी, जिसमें 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोग सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले गए। जहां तीन की स्थिति गंभीर देख डॉक्टर ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार गाजीपुर के आलम पट्टी स्थित एक मैरिज हॉल में बिरनो थाना के पृथ्वीपुर गांव से अनिल कुशवाहा पुत्र रमेश कुशवाहा की बारात आई हुई थी। शादी का पूरा कार्यक्रम रीति रिवाज के अनुसार चल रहा था। दुल्हन के पिता और सोनभद्र पीएसी में तैनात सिपाही गुलाब सिंह ने अपनी बेटी की शादी में रविंद्र नाथ सिंह यादव को बुलाया था, जो 34 बटालियन पीएसी भुलनपुर में सिपाही के पद पर तैनात हैं।
आरोप है कि रविंद्र नाथ सिंह यादव नशे में होने के कारण डीजे बजते समय हंगामा कर रहे थे। जिन्हें बराती व घराती पक्ष द्वारा समझा बुझाकर एक कमरे में बैठा दिया गया। लेकिन उस कमरे से निकलने के करीब 2 घंटे बाद करीब रात 12 बजे रविंद्र नाथ सिंह यादव शादी कार्यक्रम में अपने तीन अन्य साथी के साथ पहुंचे और हंगामें करते हुए जान से मारने के नियत से गोली चलाने लगे, जिससे वहां भगदड़ मच गई। इस दौरान घराती और बराती पक्ष के 6 लोग घायल हो गए। फायर करने के बाद तीनों आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।
इस घटना के बाद दूल्हे सहित सारे बाराती बिना शादी किए रात में वापस चले गए। वर और वधू पक्ष के लोग मैरिज हाल में बैठकर बातचीत करने में लगे हुए हैं कि किसी तरह से शादी हो जाए।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिसमें दो युवक सिपाही पद पर तैनात हैं।
घायलों की पहचान धर्मेन्द्र कुशवाहा S/O चुन्नी लाल निवासी चिलार थाना नन्दगंज जनपद गाजीपुर ,अनिल सिंह कुशवाहा S/O पुत्र स्व० मोसाफिर सिंह कुशवाहा निवासी चिलार थाना नन्दगंज गाजीपुर, पंकज पुत्र रामजीत सिंह कुशवाहा निवासी टोरडपुर थाना भावरकोल जनपद गाजीपुर, निखिल तिवारी पुत्र नरेश तिवारी निवासी श्याम नगर मकान नं0 55 थाना चकेरी जनपद कानपुर नगर, बिकेन्द्र कुशवाहा पुत्र राजेन्द्र कुशवाहा निवासी अरजायीपुर थाना नोनहरा जनपद गाजीपुर,अंकित कुशवाहा पुत्र संजय कुशवाहा निवासी हैसी जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
Published : 13 July 2024, 12:45 PM IST
Topics : Dynamite DynamiteNews Ghazipur wedding ceremony उत्तर प्रदेश गाजीपुर डीजे फायरिंग शादी समारोह हंगामा