
प्रयागराज: जिले में संगम (Sangam) तट पर डेढ़ महीने के भीतर गंगा ने दूसरी बार श्री बड़े हनुमान मंदिर (Bade Hanuman Mandir) के गर्भगृह में प्रवेश किया है। इसके पहले सात अगस्त को गंगा जी ने हनुमान जी को स्नान कराया था। शुक्रवार को देर रात दूसरी बार संगम का जल मंदिर में प्रवेश कर गया। महंत बलवीर गिरि ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि विधान से मां गंगा का पूजन किया।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक मां गंगा शुक्रवार देर रात को श्री बड़े हनुमान मंदिर में प्रवेश कर गईं। इसके बाद मंदिर में हर हर महादेव, जय बजरंग बली और जय मां गंगे के जयकारे गूंजने लगे। महंत बलवीर गिरि (Balveer Giri) ने विधि विधान में मां गंगा की पूजा की और उसके बाद आरती उतारी। यह दृश्य देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
विधि विधान से पूजा
लगातार बढ़ रही गंगा ने शुक्रवार को श्री बड़े हनुमान मंदिर में प्रवेश कर हनुमान जी को स्नान कराया। मंदिर के दरवाजे पर पहुंचने पर महंत बलवीर गिरि महाराज ने मां गंगा का स्वागत किया और विधि विधान से पूजा कर गंगा आरती की। इसके बाद मां गंगा (Ganga) ने मंदिर में प्रवेश किया। देखते ही देखते पूरा मंदिर लबालब हो गया। गंगा मां के जयकारे गूंजते रहे। अब श्री बड़े हनुमानजी के विग्रह की पूजा श्री राम जानकी मंदिर में स्थापित कर नियमित पूजा अर्चना की जाएगी।
पश्चिम की बारिश का असर
पश्चिमी यूपी (West UP) और पहाड़ पर हुई बारिश का असर संगम नगरी में दिख रहा है। यहां गंगा और यमुना का जलस्तर 12 घंटे में करीब दो मीटर बढ़ गया है। इससे घाट पर बसे पंडे सामान समेटकर लेटे हनुमान मंदिर के निकट पहुंच गए। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोका जा रहा है। जलस्तर बढ़ने से महाकुंभ की तैयारी भी प्रभावित हो रही है। तीन-चार दिनों से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड में बारिश हो रही है। बारिश (Rain) का पानी गंगा और यमुना के जरिये प्रयागराज पहुंचा तो नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ गया।
बढ़ा जलस्तर
सुबह आठ बजे नैनी (Naini) में यमुना का जलस्तर 79.35 मीटर था, जो रात आठ बजे 1.93 मीटर बढ़कर 81.28 मीटर हो गया है। ऐसे ही छतनाग घाट पर सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 78.10 मीटर था। रात आठ बजे जलस्तर 1.97 मीटर बढ़कर 80.07 मीटर हो गया है।
तेजी से जलस्तर बढ़ने की संभावना
सिंचाई विभाग की टीम ने बताया कि यमुना की सहायक नदियों केन और बेतवा का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। बढ़ते जलस्तर की लगातार निगरानी हो रही है। आने वाले दिनों में जलस्तर और बढ़ने की संभावना है।
Published : 14 September 2024, 2:13 PM IST
Topics : Bade Hanuman Mandir Dynamite News Ganga River Prayagraj गंगा नदी प्रयागराज बड़े हनुमान मंदिर महंत बलवीर गिरि