Site icon Hindi Dynamite News

DN Exclusive: फतेहपुर निकाय चुनाव, विकास के नाम पर जनता को जनप्रतिनिधियों से मिला धोखा

निकाय चुनावों की सरगर्मियों के बीच नेताओं ने फिर एक बार जनता पर डोरे डालने शुरू कर दिये हैं। पिछले चुनावों में भी जनता को विकास के नाम के खूब लॉलीपॉप दिये गये थे, लेकिन परिणाम सिफर रहे। इसका ताजा उदाहरण है- फतेहपुर का कलक्टरगंज..
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:

फतेहपुर: यूपी में निकाय चुनावों की जंग जोरों पर है। सभी प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जोर-शोर से लगे हुए है और जनता से तरह तरह के वादे भी कर रहे हैं। लेकिन दूसरी तरफ फतेहपुर के वार्ड नंबर 27 कलक्टरगंज की जनता गंदगी और जल भराव की समस्या से जूझ रही है। कलक्टरगंज की दयनीय स्थिति नेताओं के विकास के उन वायदों और दावों की भी पोल रही है, जो उन्होंने यहां की जनता के साथ पिछले चुनाव में किये थे।

यह भी पढ़ें: फतेहपुर: जूली बोले- भगवा रंग किसी पार्टी का प्रतीक नहीं, भ्रष्टाचार करेंगे खत्म

 

जनप्रतिनिधियों से जनता की नाराजगी

डाइनामाइट न्यूज़ की चुनावी टीम जब सर्वेक्षण के लिये कलक्टरगंज पहुंची तो जनता अपने जनप्रतिनिधियों से खासी नाराज दिखी। यहां की जनता कई समस्याओं से एक साथ जूझ रही है, लेकिन कोई नेता उनकी सुध लेने वाला नहीं है। लगता है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े दावे करने वालो नेता जीत बाद 5 सालों तक अपने वादे और इस वार्ड को भूल गये। यहां कई जगह गंदगी और कूड़े-करकट के अंबार दिखे। साफ-सफाई के अलावा लोगों ने बिजली और पानी की जर्जर हालात का भी दुखड़ा हमें सुनाया। 

जब विधायक ने भी खड़े किये हाथ

डाइनामाइट न्यूज़ से बातचीत के दौरान कलक्टरगंज निवासी देवेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बारिश के दिनों में जल भराव यहां की एक बड़ी समस्या है। सड़कों का पानी घरों के अंदर चला जाता है। नालियों के पानी की निकासी नहीं है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के लिए उन्होंने स्थानीय विधायक से बात की। विधायक यहां आये भी और सब कुछ देखा भी, लेकिन समस्या से निजात नहीं मिली। लोगों का कहना है कि पिछली बार भी उन्होंने विकास के नाम पर वोट दिया, लेकिन विकास के लिये आज तक तरस रही है।

जनता ने खुद कराया नाली का निर्माण

स्थानीय लोगों ने कहा कि वो तीस वर्षों से यहां रह रहें हैं, लेकिन जल भराव की समस्या का निदान अभी तक नहीं हुआ। लोगों ने कहा कि हम सभी ने पैसा इकट्ठा करके नाली का निर्माण कराया है। कलक्टरगंज में बने हुऐ तालाब की जल निकासी नहीं की गई है। लोगों ने नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी से भी इस बारे में बात की लेकिन अधिकारियों ने कहा कि इसका निदान नहीं हो सकता, क्योंकि इसमें बहुत पैसा लगेगा।

 

 

जनता बोले, चाहिये विकास

फतेहपुर में निकाय चुनाव 29 नवंबर को होने हैं। रूठे मन से ही सही, लेकिन जनता फिर यहां वोट देने के तैयार है। लोगों का कहना है कि हम ऐसा प्रत्याशी चाहते हैं, जो हमारे वार्ड में विकास के काम करा सके। 

यह भी पढ़ें: फतेहपुर: विधायक विक्रम सिंह डाइनामाइट न्यूज़ पर LIVE.. कहा, कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान सर्वोपरि

प्रत्याशियों के वादे

निर्दलीय प्रत्याशी लकी द्विवेदी का कहना है कि हमारे वार्ड में जल भराव एक बड़ी समस्या है। अगर जनता ने हमारा साथ दिया तो शौचालय, पेय जल और गंदगी की सभी समस्याओं का मैं निदान करूंगा।

भाजपा प्रत्याशी दिवाकर अवस्थी ने कहा कि- विकास के मुद्दे पर ही मैं चुनाव लड़ रहा हूँ, हमारे ही वार्ड में लगा हुआ खलीफापुर गांव है। जहां बिजली पानी और सड़क की समस्या है, जिसका निदान सत्ता में आने के बाद किया जाएगा। उन्होंने कहा भाजपा का जो एजेंडा है-स्वच्छता का, उसको मैं जरूर पूरा करूंगा।
 

(डाइनामाइट न्यूज़ पर आपको फतेहपुर नगर पालिका चुनाव से जुड़ी हर एक खबर सबसे पहले मिलेगी। नि:शुल्क मोबाइल एप डाउनलोड करने के लिए 9999 450 888 पर मिस्ड कॉल करें)

Exit mobile version