चक्का जाम: NCR समेत देश के कई राजमार्गों पर बैठे किसान, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में, दिल्ली की सीमाएं सील, जानिये ताजा अपडेट

कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों द्वारा बुलाया गया देशव्यापी चक्का जाम एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में शुरू हो गया है। चक्का जाम संबंधी ताजा अपडेट के लिये जुड़ें रहे डाइनामाइट न्यूज के साथ

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 6 February 2021, 1:00 PM IST

नई दिल्ली: कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों द्वारा बुलाया गया देशव्यापी चक्का जाम एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में शुरू हो गया है। गरूग्राम समेत कई शहरों में किसानों के समर्थन में प्रदर्शनकारी सड़को पर बैठ गये हैं। इन जगहों पर नारेबाजी के साथ यातायात को बाधित किया जा रहा है। जम्मू कश्मीर में जम्मू-पठानकोट हाईवे पर बैठकर प्रर्दशनकारियों ने सड़क को बंद कर दिया है। बैंगलुरू में कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया है।

प्रदर्शनकारियों ने राजस्थान-हरियाणा सीमा पर स्थित शाहजहांपुर बॉर्डर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया है। यहां भी पुलिस का कड़ा पहरा है। पंजाब के कई क्षेत्रो में प्रदर्शनकारी हाइवे पर बैठ गये हैं। 

पंजाब में हाईवे को बाधित करते प्रदर्शनकारी 

एनसीआर में स्थित गुरुग्राम के कृष्ण चौक पर प्रदर्शनकारियों द्वारा चक्का जाम किये जाने की खबर है। कृष्ण चौक दिल्ली के नजफगढ़ और कापसहेड़ा बॉर्डर से महज दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

दिल्ली के नजदीक शाहजहांपुर बार्डर पर राजमार्ग पर बैठे किसान 

कृषि कानूनों के खिलाफ बेंगलुरु में भी किसानों ने चक्का जाम किया। बेंगलुरु में येलहंका पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बेंगलुरु के अलावा देश के कई अन्य हिस्सों में भी प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिये जाने की खबर है।

दिल्ली के नजदीक पलवल में अटोहां चौक पर राजमार्ग पर बैठे किसान 

हालांकि किसानों ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को चक्का जाम से मुक्त रखने की घोषणा की था। लेकिन एनसीआर के कुछ हिस्सों में चक्काजाम किये जाने की खबरें मिल रही है। पुलिस ने दिल्ली के अंदर और बाहर सभी सीमाओं पर बैरिकेडिंग के सासील किया हुआ है। सुरक्षा का कड़ा जाल बिछाया हुआ है। उत्तर प्रदेश में चक्का जाम के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन द्वारा कड़े सुरक्षा प्रबंध किये गये हैं।

चक्का जाम के बीच पुख्ता सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो ने मंडी हाउस, ITO, दिल्ली गेट, विश्वविद्यालय, खान मार्केट, नेहरू प्लेस सहित कम से कम 10  मेट्रो गेट को यात्रियों के लिये बंद कर दिया है। इन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकासी को बंद कर दिया गया है। 

दिल्ली में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त पुलिस द्वारा किये गये है। बड़ी संख्या में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। दिल्ली-एनसीआर लगभग 50 हजार पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। 

Published : 
  • 6 February 2021, 1:00 PM IST

No related posts found.