Delhi Weather: कब बदलेगा मौसम और उमस से मिलेगी राहत? झमाझम बारिश का मौसम विभाग ने दिया अपडेट

दिल्ली में उमस भरी गर्मी से अभी राहत नहीं मिल रही है। शनिवार को कहीं भी बारिश नहीं हुई। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 21 July 2024, 7:56 AM IST

नई दिल्ली: राजधानी में शनिवार को तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस वजह से उमस भरी गर्मी महसूस की गई। मौसम विभाग ने हल्की वर्षा होने का का पूर्वानुमान जारी किया था, लेकिन दिल्ली में कहीं हल्की वर्षा नहीं हुई। इस वजह से उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। रविवार को भी उमस भरी गर्मी रह सकती है लेकिन इसके बाद मौसम बदलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को आकाश में बादल छाए रहेंगे। गरज व आंधी के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार सोमवार से बुधवार तक दिल्ली में हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। इस वजह से मौसम विभाग ने सोमवार से लेकर बुधवार तक तीन दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान वर्षा होने पर तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। तब उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य है।

दिल्ली में इस माह अब तक सामान्य से 37 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। इस माह अब तक 79.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है जो सामान्य (126.9 मिलीमीटर) से 47.1 मिलीमीटर कम है।

दिल्ली में शनिवार को हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, रविवार को भी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रहेगी। इसके बाद तीन दिन हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में रह सकती है।

Published : 
  • 21 July 2024, 7:56 AM IST