कैबिनेट में फेरबदल की चर्चा तेज, 8 मंत्रियों ने की अमित शाह से मुलाकात

मोदी सरकार के कैबिनेट का बहुप्रतिक्षित फेरबदल कभी भी हो सकता है। इसके लेकर आज भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से कई केन्द्रीय मंत्रियों ने मुलाकात की।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 31 August 2017, 1:56 PM IST

नई दिल्ली: मोदी सरकार एक या दो सितंबर को नए चेहरों को कैबिनेट में शामिल कर सकती है। कैबिनेट में फेरबदल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और संघ के बीच मंथन चल रहा है। ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि चीन जाने के पहले पीएम नए कैबिनेट का ऐलान कर सकते हैं।

डाइनामाइट न्यूज़ को मिली जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी चीन और म्यांमार की यात्रा पर रवाना होने से पूर्व अपने मंत्रिमंडल में विस्तार और विभिन्न मंत्रियों के विभागों में बड़ा फेरबदल करेंगे। सभी की निगाहें वित्त मंत्री अरुण जेटली, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और रेल मंत्री सुरेश प्रभु पर टिकी हैं।

यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका कि रक्षा मंत्रालय किसको मिलेगा क्योंकि वित्त मंत्री अरुण जेटली ने यह पद छोडऩे की अपनी इच्छा व्यक्त की है। रेल मंत्री सुरेश प्रभु और पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान सहित कई नामों पर इस पद के लिए चर्चा की गई मगर विभिन्न कारणों से उनको कोई समर्थन नहीं मिला। 

नए राज्यपालों के नामों की हो सकती है घोषणा 

कैबिनेट में फेरबदल के अलावा सरकार विभिन्न राज्यों के राज्यपाल के नामों की घोषणा कर सकती है, जिसमें तमिलनाडु और बिहार के राज्यपाल भी शामिल हैं।

Published : 
  • 31 August 2017, 1:56 PM IST